16 अगस्त 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

तृणमूल नेता अनुब्रत मंडल के पूर्व बॉडीगार्ड पर शिकंजा, फ्लैट से 800 ग्राम सोना और लाखों की नकदी मिली

Anubrata Mondal: बीरभूम में पुलिस ने सैगल हुसैन के फ्लैट से करीब 800 ग्राम सोना और 12.84 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने सैगल को गिरफ्तार कर सात दिन की हिरासत में लिया है, जबकि टुलु मंडल की तलाश जारी है।
2 min read
Google source verification
Anubrata Mondal

टीएमसी नेता अनुब्रत मंडल, photo- patrika

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले में पुलिस ने एक बार फिर भारी मात्रा में नकदी और सोना बरामद किया है। तृणमूल कांग्रेस के नेता अनुब्रत मंडल के पूर्व बॉडीगार्ड सैगल हुसैन के बोलपुर स्थित फ्लैट से करीब 800 ग्राम सोना और लगभग 13 लाख रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने हुसैन को गिरफ्तार कर लिया है। अदालत ने आरोपी को सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

फ्लैट पर पुलिस ने तलाशी ली

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई बीरभूम के पत्थर माफिया टुलू मंडल से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान की गई। बोलपुर के बाइपास इलाके में स्थित हुसैन के फ्लैट पर पुलिस ने तलाशी ली। तलाशी के दौरान नकदी और सोने के अलावा बड़ी संख्या में जमीन के दस्तावेज भी मिले। पुलिस ने जमीन की 150 से अधिक डीड जब्त की हैं। सिउड़ी अदालत में पेशी के दौरान पुलिस ने बताया कि फ्लैट से कुल 12 लाख 84 हजार रुपए नकद, करीब 800 ग्राम सोना और 150 से अधिक जमीन के दस्तावेज बरामद हुए हैं। इसके अलावा अरब देशों और पाकिस्तान की मुद्राएं भी मिली हैं।

खुद को निर्दोष बताया

पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि इलाके में प्रभावशाली स्थिति का इस्तेमाल करते हुए सायगल हुसैन टुलु मंडल की मदद करता था। हालांकि, सायगल ने खुद को निर्दोष बताते हुए आरोपों से इनकार किया है। उनका कहना है कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया जा रहा है। विदेशी मुद्रा मिलने के सवाल पर उन्होंने दावा किया कि मुद्रा विनिमय के दौरान ये नोट उनके पास आए होंगे और इसका कोई विशेष महत्व नहीं है।

टुलु मंडल की तलाश जारी

इससे पहले टुलु मंडल के रिश्तेदार मीना मंडल के घर से पुलिस ने करीब 28.5 करोड़ रुपए नकद और 15 किलोग्राम सोना बरामद किया था। गिरफ्तारी के बाद से पुलिस टुलु मंडल की तलाश कर रही है, लेकिन वह अब तक पुलिस के हाथ नहीं लगे हैं। टुलु ने वकील के माध्यम से कलकत्ता हाई कोर्ट में गिरफ्तारी से संरक्षण की मांग की है। उनके खिलाफ जारी गिरफ्तारी वारंट को चुनौती भी दी गई है। उनकी कुछ संपत्तियां जब्त किए जाने के खिलाफ भी अदालत का रुख किया गया है।

मामले की सुनवाई को लेकर भी घटनाक्रम सामने आया है। न्यायमूर्ति कौशिक चंद ने टुलु से संबंधित मामला छोड़ दिया है और अब सूची के अनुसार न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य की पीठ में सुनवाई प्रस्तावित है। इस सप्ताह मामले पर सुनवाई होने की संभावना है। पुलिस टुलु मंडल तक पहुंचने के प्रयास में उनके कई रिश्तेदारों और कारोबार से जुड़े लोगों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। अब सायगल हुसैन की गिरफ्तारी को भी इसी जांच की महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।

बड़ी खबरें

View All

कोलकाता

पश्चिम बंगाल

ट्रेंडिंग