कोलकाता. अंग्रेज तो चले गए लेकिन, अंग्रेजों का भूत आज भी पीछा नहीं छोड़ रहा है। शाम होने के बाद राज्य सचिवालय राइटर्स बिल्डिंग के एक छोर की तरफ जाने से सचिवालय के कर्मचारी कतराते हैं। उनमें इस बात की चर्चा है कि जेलों के कार्यवाहक महानिरीक्षक कैप्टन सिम्पसन की आत्मा आज भी राइटर्स बिल्डिंग में भटक रही है। रात में राइटर्स के गलियारों से लेफ्टिनेंट कर्नल एनएस सिम्पसन की चहलकदमी की आवाज सुनाई देती है। कहा जाता है कि तृणमूल के कुछ नेताओं का भी इसपर विश्वास है। शायद यही कारण है कि प्रदेश में 34 साल बाद सत्ता परिवर्तन होने के कुछ ही महीनों के बाद राइटर्स से मुख्यमंत्री कार्यालय समेत 32 विभागों के कार्यालय को नवान्न समेत अन्य स्थानों पर ले जाया गया। इतिहास गवाह है कि पूर्वी बंगाल के तीन युवक बिनय बोस, बादल गुप्ता और दिनेश गुप्ता ने राइटर्स बिल्डिंग में घुसकर लेफ्टिनेंट कर्नल एनएस सिम्पसन की गोली मारकर हत्या की थी। सिम्पसन तब भारत में जेलों के कार्यवाहक महानिरीक्षक थे। उन पर भारतीय कैदियों, विशेष रूप से क्रांतिकारी कैदियों के साथ क्रूर व्यवहार करने का आरोप था। यह घटना 8 दिसंबर, 1930 की है। तब से सिम्पसन की आत्मा के भटकने की चर्चा आज भी राइटर्स बिल्डिंग में होती है। ईस्ट इंडिया कंपनी ने 1780 में राइटर्स बिल्डिंग बनवाई थी।