
Accident: चालक को आई झपकी, तेज रफ्तार कार पुल से नीचे गिरी
कोरबा/दर्री। CG News: बालको संयंत्र से ड्यूटी कर घर लौट रहा एक कर्मी हादसे का शिकार हो गया। दर्री बाजार सिंचाई कॉलोनी के पास स्थित पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए कार लगभग 40 फीट नीचे खाई में गिर गई। घटना में चालक की जान बाल- बाल बीच। उसे आंशिक चोटें आई है।
दुर्घटना सोमवार देर शाम की बताई जा रही है। बालकोकर्मी सुनील सेनापति प्लांट से ड्यूटी कर घर जमनीपाली की ओर लौट रहे थे। बताया जाता है कि पुल पर चढ़ते समय चालक को झपकी आ गई। कार अनियंत्रित होकर दाहिने ओर चली गई। पुल की रेलिंग को तोड़कर नीचे गिर गई। कार चालक सुनील भी नीचे गिरा। उसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। घटना में सुनील आंशिक तौर पर घायल हुआ है। सूचना पर दर्री पुलिस के अलावा स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटनाग्रस्त कार नहीं हटाई जा सकी है। गौरतलब है कि पुल का निर्माण कोरबा पश्चिम संयंत्र को कोयले की आपूर्ति करने वाली रेल गाड़ियों के लिए किया गया था। पुल के नीचे रेल गाड़ी प्लांट से कोरबा की ओर आना जाना करती थी। वर्तमान में रेल गाड़ी बंद हो गई है। पुल के नीचे की जमीन पर लोगों ने मकान बना लिया है। इसके पहले भी इस पुल पर कई बार दुर्घटनाएं हुई है।
Published on:
07 Nov 2023 11:34 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
