कोरबा. आम आदमी पार्टी(आप)के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्य सभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ में होने वाले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी किसी से गठबंधन नहीं करेगी और अपने बूते चुनाव लड़ेगी लेकिन भाजपा को रोकने के लिए जिन पार्टियों ने गठबंधन किया है। आप उनका जरूर समर्थन करेगी।
मंगलवार को आप नेता संजय सिंह तिलक भवन में प्रेस वार्ता में चुनाव को लेकर अपनी रणनीति बतायी। आप के कोरबा विधानसभा प्रत्याशी अनूप अग्रवाल की उपस्थिति में संजय सिंह ने कहा कि छग में उनकी पार्टी अजीत जोगी से कोई समझौता नहीं करने वाली है। आप गठबंधन की राजनीति में विश्वास नहीं रखता। पार्टी की सोच है कि अच्छे लोग राजनीति में आएं, यह आज की आवश्यकता है। गंभीरता के साथ राजनीति करने वाले समाज और देश का भला कर सकते हैं। सेवा कार्य राजनीति के बिना भी हो सकते है लेकिन इन्हें व्यापक क्षेत्र में करने के लिए राजनीति अच्छा माध्यम हो सकती है।