
ट्रेनों का परिचाल मेंटेनेंस कार्य पूरा किए जाने के लिए रेलवे ने 45 दिनों के लिए रद्द किया
कोरबा . कोरबा से रायपुर-बिलासपुर की तरफ जाने वाली तीन ट्रेने तो इस ओर से कोरबा आने वाली तीन ट्रेनों का परिचाल मेंटेनेंस कार्य पूरा किए जाने के लिए रेलवे ने 45 दिनों के लिए रद्द किया है। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ के पदाधिकारियों ने इसे लेकर मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को रेलवे स्टेशन पहुंचकर डीआरएम के नाम स्टेशन प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा है।
दरअसल चांपा के निकट हसदेव नदी के ब्रिज के मेंटेनेंस कार्य के लिए ट्रेन गेवरा से सुबह 7:55 में छूटने वाली रायपुर पैसेंजर, दोपहर डेढ़ बजे छूटने वाली मेमू और रात आठ बजे छूटने वाली पैसेंजर को आगामी डेढ़ माह के लिए बंद कर दिया गया है। इसे लेकर जनता कांग्रेस के पदाधिकारी सोमवार को रेलवे स्टेशन पहुंचे और एआरएम आदित्य गुप्ता की अनुपस्थिति में स्टेशन मास्टर केके तिवारी को डीआरएम के नाम ज्ञापन सौंपते हुए जमकर खरीखोटी सुनाई। पदाधिकारियों ने कहा रेलवे कोरबा की जनता की लगातार अवहेलना कर रहे हैं। यदि मेंटेनेंस के लिए यात्री ट्रेन बंद की गई है, तो मालगाड़ी बंद कर दी जानी चाहिए।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि गर्मी के मौसम में छुट्टियों के साथ ही शादी का सीजन होने से लोग बड़े पैमाने पर इन ट्रेनों से आवगमन करते हैं। इसलिए तत्काल इनका परिचालन शुरू कराया जाए। कोयला से राजस्व देने के मामले में कोरबा सबसे आगे है। लेकिन सुविधाओं के मामले में सबसे फिसड्डी। ज्ञापन सौंपने वालों में पार्टी के जिलाध्यक्ष शिव अग्रवाल, रामसिंह अग्रवाल, ज्ञानेन्द्र उपाध्याय, अखिलेश त्रिपाठी व युनूस मेमन उपस्थित रहे।
---------------
नवोदय प्रवेश परीक्षा के लिए प्रवेश पत्र वितरण प्रारंभ
कोरबा. सत्र 2018-19 में कक्षा छठवीं में प्रवेश के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 21 अप्रैल को प्रात: 11 बजेे कोरबा जिले के सभी विकासखंडों के 17 केन्द्रों में आयोजित होगी। जिन अभ्यर्थियों ने ऑफलाइन आवेदन किये थे उनके पालकों अपने पाल्य/पाल्या का प्रवेश-पत्र संबंधित विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी के कार्यालय से प्राप्त कर सकते हैं। विद्यालय की वेबसाईट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यू डॉट जेएनवीकोरबा डॉट एनआईसी डॉट इन से भी प्राप्त किया जा सकता है।
Published on:
17 Apr 2018, 11:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.