
कला, विज्ञान व कामर्स संकाय के लिए 90-90-90 सीट पर दाखिला
कोरबा. राज्य के सबसे बड़े विकासखण्ड पोड़ी-उपरोड़ा में अंतत: कॉलेज की शुरूआत हुई। नवीन महाविद्यालय जटगा में मंगलवार को ऑफलाईन एडमिशन की प्रक्रिया शुरू की गयी। पहले दिन 15 छात्रों ने कॉलेज से फॉर्म प्राप्त किये।
कॉलेज की संबंद्धता संबंधी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए आगामी एक सप्ताह के भी बीयू की पोर्टल पर भी जटगा कॉलेज का नाम प्रदर्शित होगा और छात्र यहां के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। शासकीय उमावि जटगा में स्नातक कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
जटगा कॉलेज के संचालन की पूरी जिम्मेदारी फिलहाल मुकुटधर पाण्डेय कॉलेज कटघोरा को सौंपी गई है। उच्च शिक्षा विभाग नया रायपुर के संयुक्त संचालक डॉ.किरण गजपाल ने 19 जून को कोरबा समेत प्रदेश के सभी 30 नए कॉलेजों को शुरू करने आदेश जारी किया था। साथ ही नए कॉलेजों में प्रारंभिक प्रक्रिया के लिए नजदीकी कॉलेज के प्राचार्य को प्रभारी बनाया गया है।
आदेश प्राप्त होते ही शासकीय पं.मुकुटधर पाण्डेय कॉलेज कटघोरा के प्राचार्य डॉ.सतीश अग्रवाल ने बिलासपुर यूनिवर्सिटी में कॉलेज की मान्यता के लिए आवेदन कर 10 हजार रुपए का शुल्क भी जमा करा दिया था। चूंकि वर्तमान में जटगा कॉलेज के लिए कोई भी फंड शासन स्तर से प्राप्त नहीं हुआ है। इसलिए प्राचार्य डॉ अग्रवाल ने एमडीपी कटघोरा कॉलेज की जनभागीदारी समिति से जटगा कॉलेज के शुरूआती खर्चों के लिए 25 हजार रूपये का लोन लिया है।
तीन कॉलेज के प्राचार्य करेंगे निरीक्षण
उच्च शिक्षा विभाग द्वारा स्थापित नियमों के अनुसार किसी नए कॉलेज के स्थापना के समय विश्वविद्यालय की टीम द्वारा स्थल निरीक्षण किया जाता है। जिसके लिए शासकीय महाविद्यालय पथरिया, रतनपुर व बिलासपुर के बिलासा गल्र्स कॉलेज के प्राचार्यों की टीम बना दी गई है। तीनों प्राचार्य संभवत: गुरुवार को जटगा कॉलेज के लिए उमावि जटगा व स्थल का निरीक्षण करेंगे।
जिसके बाद वह अपनी रिपोर्ट बीयू को सौंपेंगे। इस औपचारिकता के पूर्ण होते ही मान्यता की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी और बीयू जटगा कॉलेज में एडमिशन दिए जाने का आधिकारि जारी कर देगा। बीयू के पोर्टल पर भी ऑनलाईन एडमिशन के लिए जटगा कॉलेज का विकल्प उपलब्ध होगा। जब तक निरीक्षण पूरा होगा तब तक जटगा स्कूल में ऑफलाईन आवेदन दिए जाएंगे।
पोर्टल में नाम आने के बाद कटघोरा कॉलेज द्वारा इन आवेदनों को ऑनलाईन किया जाएगा। फिलहाल जटगा स्कूल में कटघोरा के सहायक प्राध्यापक डॉ आशुतोष लाल व एक क्लर्क की ड्यूटी लगाई गई है। जो छात्रों को फॉर्म वितरण करेंगे।
तीन संकायों की कुल 270 सीटें उपलब्ध
संयुक्त संचालक डॉ.गजपाल की ओर से जारी आदेश में बताया गया है कि नवीन महाविद्यालय जटगा में कला, विज्ञान व कामर्स संकाय के लिए 90-90-90 सीट पर दाखिला मिलेगा। हैरानी वाली बात यह भी है कि उच्च शिक्षा विभाग ने विज्ञान संकाय केवल गणित विषय की सीटें कॉलेज में आरंभ करने की अनुमति दी है। जीव विज्ञान (बायो) फिलहाल शुरू नहीं किया जा रहा है। जिसके कारण बायो विषय के परीक्षार्थियों को जटगा में कॉलेज खुलने का कोई फायदा नहीं मिलेगा।
स्कूल के भवन में सुबह दो घंटे होगा कॉलेज का संचालन
जटगा कॉलेज में भवन, फर्नीचर, पेयजल, टायलेट व अन्य आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए चयनित स्थल का दौरा कर कॉलेज प्रारंभ करने की सभी कार्रवाई पूरी कर प्रवेश प्रक्रिया प्रारंभ करने का दायित्व शासकीय पं.मुकुटधर पाण्डेय कॉलेज पर है।
शैक्षणिक व अशैक्षणिक स्टाफ की व्यवस्था भी कटघोरा से होगी। शुरूआती दौर में उमावि जटगा के भवन में ही सुबह 8 से 10 बजे के मध्य दो घंटे के लिए कॉलेज का संचालन किया जाएगा। रोटेशन पॉलिसी अपनाते हुए दो-दो दिन आट्र्स व विज्ञान की कक्षाएं कटघोरा व जटगा में लगायी जायेगी। नया भवन बनने के बाद ही कॉलेज को नवीन भवन में शिफ्ट किया जाएगा।
-जटगा कॉलेज के संबंद्धता की प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। एक दिन बाद टीम द्वारा स्थल निरीक्षण किया जाएगा। इस बीच ऑफलाईन आवेदन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पहले दिन15 छात्रों ने फॉर्म लिया है। बीयू की पोर्टल में कॉलेज का नाम आते ही इन फॉर्म को ऑनलाईन कर दिया जाएगा।
-डॉ. सतीश अग्रवाल, प्राचार्य मुकुटधर पांडेय महाविद्यालय कटघोरा
Published on:
04 Jul 2018 11:01 am
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
