
खाद व बीज नहीं मिलने से किसानों की परेशानी बढ़ी, सहकारी समितियों में लटका है ताला
कोरबा. सहकारी समितियों में चौथे दिन भी ताला लगा रहा। मांगों को लेकर समिति के पदाधिकारियों ने गुरुवार को रायपुर में मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह से मुलाकात की। नियमितिकरण पर डॉ. रमन ने कोई आश्वासन नहीं दिया। यह कहकर हड़ताल को खत्म कराने की कोशिश की कि जिला सहकारी बैंक में अपेक्स बैंक के विलय के दौरान सरकार एक मौका देगी। तब तक वेतन के लिए सरगुजा प्राधिकरण से अनुदान के तौर रुपए दिए जाएंगे।
कोरबा जिले में २७ सहकारी समितियां काम करती हैं। इनके अधीन ४१ उपार्जन केन्द्र बनाए गए हैं। प्रभारी प्रबंधक, विक्रेता, लिपिक और चौकीदार पद पर कार्य करने वाले कर्मचारियों को मानदेय मिलता है। कोरबा जिले मेें कर्मचारियों की संख्या १६० है। नियमितिकरण और वेतन बढ़ोत्तरी सहित अन्य मांगों को लेकर प्रदेश भर के सहकारी समितियों में काम करने वाले कर्मचारी हड़ताल पर हैं। समितियों में ताला लगा हुआ है। कर्मचारी काम से दूर हैं।
सोसाइटियों की हड़ताल से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। खाद, बीज और ऋण नहीं मिल रहा है। इसके लिए पत्रक भी तैयार नहीं हो रहा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इधर, जिला सहकारी बैंक का कहना है कि हड़ताल में सभी समितियां शामिल हैं। लेकिन प्रशासन ने भैसमा, सोनपुरी, कनबेरी और हरदीबाजार को खोला गया है। इन क्षेत्र के किसानों को जरूरत पडऩे पर खाद बीज उपलब्ध कराया जा रहा है।
बारिश हुई तो बढ़ेगी परेशानी
सहकारी बैंक का यह भी कहना है कि वर्तमान में काम पर अधिक असर नहीं पड़ा है। जिले के ९५ फीसदी किसानों ने खाद बीज का उठा कर लिया है। लेकिन बारिश हुई तो खाद की मांग बढ़ जाएगी। हालांकि प्रशासन ने सोसाइटियों में प्रर्याप्त मात्रा में खाद का भंडारण किया है। लेकिन जबतक हड़ताल जारी रहेगा, खाद किसानों को नहीं मिलेगा।
ऑपरेटर को मिलेगा 12 माह का वेतन
सहकारी सोसाइटियों के अधीन उपार्जन केन्द्रों में काम करने वाले कम्प्यूटर ऑपरेटरों के लिए गुरुवार को एक राहत भरी खबर आई। सरकार ने नौ के बजाए १२ माह का वेतन देने से संबंधित आदेश जारी किया। इसका लाभ कोरबा जिले के ४१ उपार्जन केन्द्र में काम करने वाले कर्मचारियों को मिलेगा। अभीतक सरकार कम्प्यूटर ऑपरेटरों का नौ माह का ही वेतन देती थी।
सहकारी समितियों में हड़ताल जारी है। मुख्यमंत्री से समिती के पदाधिकारियों ने मुलाकात की है। उन्होंनेे वेतन के लिए अनुदान देने की बात कही है। अपेक्स बैंक का जिला सहकारी बैंक में विलय के दौरान समिती कर्मचारियों को मौका देने की बात कही है- नर्बदा देवांगन
जिला अध्यक्ष विक्रेता कर्मचारी संघ
Published on:
5 Jul 2018, 8:45 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.