
वीडियो दिखाकर छात्राओं के साथ शिक्षक करता था छेडख़ानी, मामला दर्ज
कोरबा. शहर के एक सरकारी स्कूल में पढऩे वाली छात्राओं ने शिक्षक पर वीडियो दिखाकर छेड़छाड़ (Molestation) का आरोप लगाया था। इसकी शिकायत राष्ट्रीय बाल संरक्षण आयोग द्वारा कोरबा में आयोजित एक बैठक में की थी। शिकायत की जांच चल रही थी। पुलिस ने स्कूल की कुछ छात्राओं का बयान बाल संरक्षण आयोग के समक्ष दर्ज कराया। इसमें छात्राओं ने पीड़ा बताई। बयान में वीडियो दिखाकर छेडख़ानी की बात उजागर होने पर पुलिस ने आरोपी शिक्षक नकुल राजवाड़े के खिलाफ केस दर्ज किया है।
शिक्षक पर आईपीसी की धारा 354, लैंगिक अपराध से बालको का संरक्षण अधिनियम की धारा 10 और अनुसूचित जाति जन जाति अत्याचार अधिनियम की धाराओं मेें केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस शिक्षक की तलाश कर रही है। नकुल शहर के एक सरकारी स्कूल में उच्च श्रेणी शिक्षक है। मामला उजागर होने के बाद शिक्षा विभाग ने नकुल को निलंबित कर दिया था।
फरवरी से दिखा रहा था वीडियो
पुलिस को बयान में पता चला है कि शिक्षक नकुल छात्राओं को फरवरी से वीडियो दिखा रहा था। फरवरी से अगस्त तक शिक्षक ने छात्राओं को कई वीडियो दिखाए। छात्राओं को बैड टच किया।
छात्रों ने चोरी छिपे बना लिया था वीडियो
इस पूरे मामले का खुलासा एक वायरल वीडियो से हुआ था। इसे छात्रों ने चोरी छिपे बना लिया था। इस वीडियो में शिक्षक नकुल कक्षा में बैठकर वीडियो देखते नजर आ रहा है। शिक्षा विभाग ने इस वायरल वीडियो को गंभीरता से लिया। विभागीय जांच चल रही थी कि छात्राएं शिक्षक के खिलाफ शिकायत लेकर बाल संरक्षण आयोग की बैठक में पहुंच गईं।
Published on:
5 Sep 2019, 9:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.