कोरबा. खनिज न्यास मद से कराये जा रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर उठ रहे सवाल के बीच एक और निर्माण कार्य ने पोल खोल कर रख दी है। जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड मेें लगा फॉल्स सीलिंंग का एक बड़ा हिस्सा भर भरा कर गिर गया है। करीब 58 लाख रुपए खर्च कर जिला अस्पताल के सर्जिकल वार्ड का निर्माण और इसमें फॉल सिलिंग का कार्य कराया गया था।
जिला अस्पताल की पहली मंजिल पर सर्जिकल वार्ड का निर्माण किया गया है। ऑपरेशन के बाद मरीजों को इस वार्ड में रखा जाता है। वार्ड में खनिज न्यास मद से फॉल्स सीलिंंग का कार्य किया गया है। छह माह भी पूरे नहीं हुए हैं कि दो दिन पहले वार्ड में लगा फॉल्स सीलिंंग का एक बड़ा हिस्सा गिर गया। इससे वार्ड में अफरा तफरी मच गई थी। बिल्डिंग में सीपेज भी आ गई है। इसमें फॉल्स सीलिंंग का निर्माण भी लोक निर्माण विभाग ने कराया है।
लोक निर्माण निभाग के अफसरों की निगरानी में वार्ड का निर्माण किया गया था। बिल्डिंग में सीपेज और फॉल्स सीलिंंग गिरने की घटना ने घटिया निर्माण को उजागर किया है। अफसर और ठेकेदार के बीच सांठगांठ से निर्माण कार्य में बरती जा रही कोताही और भष्टाचार की ओर इशारा करती है।
खनिज न्यास के कार्याे में गुणवत्ता की कमी
खनिज न्यास मद से जिलों में करोड़ों रुपए के निर्माण कार्य कराये जा रहे हैं। लेकिन गुणवत्ता की कमी हर निर्माण कार्य में दिखती है। इस फंड से बनाई जा रही सड़के भी तेजी से उखड़ रही है। समिति खनिज न्यास पद से निर्माण कार्यों की स्वीकृति देती है, लेकिन गुणवत्ता को लेकर नरम रूख अपनाती है। इससे निर्माण एजेंसी और ठेकेदारों के हौसले बुलंद हैं। घटिया निर्माण से बाज नहीं आ रहे हैं।