22 मई 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

VIDEO: देह व्यापार के शक में उग्र हुई भीड़ ने महिलाओं के फाड़े कपड़े, फिर काट दी चोटी

छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक एेसा मामला सामने आया है, जहां भीड़ ने देह व्यापार के शक में तीन महिलाओं की चोटी काट दी।

3 min read
Google source verification

कोरबा

image

Ashish Gupta

Nov 22, 2017

suspicion of flesh trade

Mob attacks 3 women on suspicion of flesh trade in Korba

कोरबा . छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक एेसा मामला सामने आया है, जहां भीड़ ने देह व्यापार के शक में तीन महिलाओं की चोटी काट दी। दरअसल घटना कोरबा के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र की गजरा बस्ती का है, जहां देह व्यापार में संलिप्तता का आरोप लगा कर बस्तीवासियों ने तीन महिलाओं से अभद्रता की फिर उनकी चोटी काट डाली।

पीडि़त पक्ष ने पुलिस से इसकी कोई शिकायत नहीं की है लेकिन मामला उल्टा तब पड़ गया जब सोशल मीडिया में इस घटना की वीडियो तेजी वायरल होने लगी और पुलिस ने इसी वीडियो के आधार पर चार महिलाओं व अन्य पर मामला दर्ज कर लिया है। इसके बाद बस्तीवासी बुधवार को एसपी के कार्यालय पहुंचे व बस्ती में देह व्यापार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई।

दरअसल, मंगलवार की शाम बांकीमोंगरा की गजरा बस्ती में देह व्यापार के शक में बस्ती के लोगों ने तीन महिलाओं को बुरी तरह पीटा। फिर कैंची से उनके बाल भी काट दिए। मारपीट व अभद्रता के दौरान तीनों महिलाओं को गंभीर चोटें भी आई। बांकीमोंगरा थाने के निकट स्थित गजरा बस्ती में इस मामले को लेकर लेकर पूरी रात जमकर हो हल्ला होता रहा। जिन महिलाओं की चोटी काटी गई वे किसी तरह भागने में कामयाब रहीं और उन्होंने पुलिस में किसी तरह की शिकायत नहीं दर्ज करायी जबकि सोशल मीडिया में इस पूरी घटना का वीडियो आग की तरह वायरल हो गया।

इसके बाद पुलिस ने आरोपी महिला शकुंतला ठकुराईन, संतरा बाई, सुमित्रा बाई, जाम बाई व अन्य के विरूद्ध अपराध क्रमांक 153/17 व धारा 294, 354, 509, 506, 34 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले में बयान दर्ज करने के साथ आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि औपचारिकताएं पूरी कर लेने के बाद गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।

पीडि़त महिलाओं की तलाश जारी
देहव्यापार का आरोप लागाकर जिन महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। उनका कुछ भी पता नहीं चल सका है। पुलिस द्वारा पीडि़त महिलाओं की तलाश की जा रही है ताकि उनका बयान दर्ज किया जा सके। पीडि़त महिलाओं की शिकायत दर्ज नहीं करना भी कई सवालों को जन्म दे रहा है।

ऐसा है पूरा मामला
बस्तीवासियों का आरोप है कि यहां निवासरत महिला अकेली रहती है, उसके घर काफी दिनों से संदिग्ध लोगों का आना-जाना था। मोहल्ले के लोगों को देह व्यापार कराए जाने का संदेह था। मंगलवार को भी इस वृद्धा के घर दो महिलाएं पहुंची तो रात करीब 8 बजे मोहल्ले के महिलाओं व पुरूषों ने वृद्धा के घर धावा बोला, जब घर पर नहीं थी। एक युवती व दो महिलाएं मिली। बस्तीवासियों ने उनसे पूछताछ की पर वे यहां आने का सही जवाब नहीं दे सकीं।

इससे बस्तीवासियों का संदेह गहराया और वे पिटाई करने लगे। इस बीच और भी लोग एकत्रित हो गए। देखते ही देखते भीड़ लग गई। सबके सामने पकड़ी गई तीन महिलाओं को पहले बुरी तरह बाल पकड़ जमीन पर घसीटते हुए पीटा गया। इस दौरान एक महिला के कपड़े भी फट गए। वह बचाने के लिए गुहार लगाती रही पर किसी ने मदद नहीं की। पिटाई में घायल हुई इन महिलाओं के बाल काटे गए और एक बार फिर सार्वजनिक रूप से पिटाई की गयी। जैसे-तैसे तीनों महिलाएं भाग निकलीं और अंधेरे में छिप गईं।

बस्ती की महिलाएं पहुंची एसपी ऑफिस
जिन महिलाओं पर देह व्यापार के संदेह में तीन महिलाओं की चोटी काटने का आरोप है, वे सभी महिलाएं अन्य बस्तीवासियों को लेकर बुधवार की शाम एसपी के कार्यालय पहुंची। इनका आरोप है कि बस्ती की एक वृद्धा द्वारा लंबे समय से बस्ती में देह व्यापार किया जा रहा है। काफी समय से संदिग्ध लोगों के आने-जाने से मोहल्ले का माहौल खराब हो रहा था। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई थी, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

कोरबा के एएसपी तरकेश्वर पटेल ने कहा कि वायरल वीडियो के आधार पर बांकीमोंगरा की गजरा बस्ती की चार महिलाओं पर मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले में और भी छानबीन की जा रही है। पीडि़त पक्ष की भी तलाश जारी है। जिन महिलाओं व बस्तीवासियों ने हंगामा किया था। उन्होंने भी शिकायत दर्ज कराई है।

ये भी पढ़ें

image