17 सितंबर 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

Korba News: विश्वकर्मा पूजा में पहुंचा ‘खतरनाक मेहमान’, पावर प्लांट की वर्कशॉप में कोबरा दिखते ही मचा हड़कंप

Cobra in Workshop: विश्वकर्मा पूजा के दौरान पावर प्लांट की वर्कशॉप में अचानक कोबरा सांप दिखाई देने से कर्मचारियों में हड़कंप मच गया।
2 min read
Google source verification
Chhattisgarh News

पावर प्लांट की वर्कशॉप में कोबरा (फोटो सोर्स- istock)

Korba News: विश्वकर्मा पूजा के मौके पर कोरबा के 200 मेगावाट पावर प्लांट की वर्कशॉप में उस समय पूजा का माहौल अचानक बदल गया, जब वहां एक कोबरा सांप नजर आया। वर्कशॉप में मौजूद कर्मचारी पूजा कार्यक्रम में जुटे हुए थे, तभी एक कर्मचारी की नजर फन फैलाए बैठे सांप पर पड़ी। इसकी जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

कोबरा को देखकर कर्मचारी उसके आसपास जाने के बजाय सुरक्षित दूरी पर हट गए। सांप लगातार फन फैलाकर फुंकार मार रहा था। ऐसे में किसी तरह की अनहोनी से बचने के लिए वर्कशॉप के उस हिस्से को खाली कराया गया और पूजा कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोक दिया गया।

अचानक सामने आया कोबरा, बढ़ती गई लोगों की भीड़

जानकारी के मुताबिक, वर्कशॉप में विश्वकर्मा पूजा का आयोजन चल रहा था। इसी दौरान एक कर्मचारी की नजर वहां मौजूद कोबरा पर गई। उसने तुरंत दूसरे कर्मचारियों को इसकी जानकारी दी। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। सांप को देखने के लिए लोग मौके पर पहुंच रहे थे, लेकिन स्थिति को देखते हुए उन्हें वहां से हटाया गया। कर्मचारियों को सांप से पर्याप्त दूरी बनाए रखने के लिए कहा गया। इसके बाद वन विभाग और RCRS टीम को रेस्क्यू के लिए सूचना दी गई।

RCRS टीम ने पहुंचकर शुरू किया रेस्क्यू

सूचना मिलने के बाद RCRS अध्यक्ष अविनाश यादव अपनी टीम के सदस्य मानस के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने सबसे पहले आसपास के क्षेत्र को सुरक्षित किया और लोगों को सांप से दूर किया। इसके बाद कोबरा को पकड़ने के लिए रेस्क्यू की प्रक्रिया शुरू की गई। फन फैलाए कोबरा को सुरक्षित पकड़ना टीम के लिए आसान नहीं था। काफी सावधानी और मशक्कत के बाद अविनाश यादव और मानस ने सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। इस दौरान सांप को किसी तरह का नुकसान नहीं पहुंचाया गया।

वन विभाग को सौंपा गया कोबरा

रेस्क्यू के बाद कोबरा को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ने की प्रक्रिया की जानी थी। सांप के वर्कशॉप से सुरक्षित बाहर निकलने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। रेस्क्यू पूरा होने के बाद वर्कशॉप में स्थिति सामान्य हुई और विश्वकर्मा पूजा का कार्यक्रम दोबारा शुरू किया गया।

सांप दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें

RCRS टीम और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि घर, वर्कशॉप या किसी अन्य स्थान पर सांप दिखाई देने पर घबराकर उसके करीब न जाएं। उसे पकड़ने या मारने की कोशिश करना भी खतरनाक हो सकता है। टीम के मुताबिक, सांप दिखाई देने पर लोगों को उससे सुरक्षित दूरी बनाए रखनी चाहिए और तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना देनी चाहिए। इससे मौके पर मौजूद लोगों के साथ-साथ सांप की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जा सकती है।