
कुसमुंडा कन्वेयर बेल्ट के पास हादसा
कोरबा. बारिश से बचने स्कूटी पर पुत्र के साथ सड़क किनारे खड़ी महिला को ट्रेलर ने पीछे से रौंद दिया। हादसे में महिला की मौत हो गई। पुत्र की जान बाल बाल बची। महिला बेटे के साथ कोरबा जा रही थी। वह एसईसीएल कर्मी की पत्नी थी।
बांकीमोंगरा निवासी कैलाश मिलन की पत्नी शशि मिलन उम्र 37 साल अपने 19 वर्षीय पुत्र अजय के साथ स्कूटी में कोरबा जा रही थी। इसबीच बारिश होने लगी। इससे बचने के लिए महिला के पुत्र ने स्कूटी को कुसमुंडा बरमपुर स्थित कन्वेयर बेल्ट के पास सड़क किनारे खड़ी कर दिया।
मां बेटे स्कूटी से उतरे भी नहीं थे कि पीछे से आ रही ट्रेलर ने दोनों को चपेट में ले लिया। ट्रेलर की ठोकर से महिला सड़क पर गिरी। ट्रेलर के पहिए से दबकर महिला की मौत हो गई। उसके पुत्र अजय की जान बाल बाल बची। स्कूटी को ठोकर मारने के बाद ट्रेलर चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
घटना गुरुवार दोपहर 12.30 बजे की बताई जा रही है। हादसे से कोरबा- कुसमुंडा मार्ग पर कन्वेयर बेल्ट के दोनों ओर गाडिय़ों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में एकत्र होकर सड़क पर खड़े हो गए। मार्ग जाम हो गया। घटना की सूचना सर्वमंगला नगर चौकी को दी गई। चौकी प्रभारी घटना स्थल पर पहुंचे। अजय मां की शव के साथ सड़क पर बैठा था।
परिवार के सदस्य भी घटना स्थल पर पहुंचे थे। पुलिस ने परिवार को समझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शशि एसईसीएल कर्मी कैलाश मिलन की पत्नी थी। परिवार के साथ एसईसीएल के बांकीमोंगरा कॉलोनी में रहती थी। पुत्र के साथ स्कूटी पर कोरबा जा रही थी। स्कूटी अजय चला रहा था। शशि पीछे बैठी थी। कोरबा पहुंचने से पहले रास्ते में बरमपुर के पास हादसे का शिकार हो गई।
ट्रेलर को पुलिस ने किया जब्त
इधर, पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर सीजी 12 एयू 1382 को जब्त कर लिया है। ट्रेलर कोरबा के ट्रांसपोर्टर सजल की बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि चालक फरार है। उसकी गिरफ्तारी की कोशिश की जा रही है।
Published on:
28 Jun 2018 09:11 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरबा
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
