
Murder
बैकुंठपुर. माता-पिता बड़े जतन से कई कष्ट उठाकर भी अपने संतान को पालते हैं। उन्हें उम्मीद रहती है कि वह उनके बुढ़ापे का सहारा बनेगा। लेकिन कुछ पुत्र ऐसे भी निकल जाते हैं जिनकी नजर में माता-पिता की कोई कद्र नहीं होती। कई मामले ऐसे भी आए हैं जिसमें पुत्र ने माता-पिता की जान ले ली है।
ऐसा ही एक मामला कोरिया जिले के जनकपुर थाना क्षेत्र से सामने आया है। सोमवार की रात माता-पिता में किसी बात को लेकर विवाद हो रहा था। इसी बीच पुत्र ने दोनों की पिटाई शुरु कर दी। इससे पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है।
कोरिया जिले के जनकपुर थानांतर्गत ग्राम हरफरागांव निवासी रामादीन गोंड़ 55 वर्ष 20 अगस्त की रात घर में ही था। इस दौरान किसी बात को लेकर उसका पत्नी से विवाद हो रहा था। शोर सुनकर उनका पुत्र सहजीत गोंड़ 30 वर्ष वहां पहुंचा और दोनों को झगड़ा करने से मना करने लगा। इसके बावजूद दोनों का विवाद चलता ही रहा।
इसी बीच सहजीत गुस्से से आगबबुला हो गया और घर में रखे बर्तन व डंडे से दोनों की बेदम पिटाई कर दी। डंडे व बर्तन के घातक प्रहार से पिता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मां गंभीर रूप से घायल हो गई।
हो-हल्ला सुनकर पड़ोस के लोग दौड़कर वहां पहुंचे और गंभीर हालत में महिला को देखकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां वह जिंदगी-मौत के बीच जूझ रही है।
इधर सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा पश्चात आरोपी के पिता के शव को पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पीएम पश्चात शव परिजन को सौंप दिया गया। पुलिस ने मंगलवार को पिता की हत्या के आरोप में पुत्र सहजीत को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले की विवेचना में जुट गई है।
Published on:
21 Aug 2018 08:37 pm
बड़ी खबरें
View Allकोरीया
छत्तीसगढ़
ट्रेंडिंग
