
गुमानपुरा थाना पुुलिस की गिरफ्त में आरोपी
कोटा. गुमानपुरा थाना क्षेत्र के शॉपिंग सेन्टर स्थित एक कैमरे की दुकान का ताला तोड़कर महंगे कैमरे चुराने के मामले का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए 2 शातिर नकबजन गिरफ्तार किए हैं। आरोपियों की निशानदेही पर 25 लाख रुपए के कैमरे भी बरामद किए हैं।
गुमानपुरा थानाधिकारी लखन लाल मीणा ने बताया कि सुरेश गेहानी की शॉपिंग सेन्टर स्थित दुकान से लाखों रुपए के महंगे कैमरे चोरी हो गए थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर अनुसंधान किया। पुलिस ने प्रोडक्शन वारण्ट पर दो आरोपियों घोड़े वाला बच्ची बस्ती हाल कुन्हाड़ी क्षेत्र के बालिता रोड गोरी आश्रम के पास रहने वाले विकास नरवाल ( 23) व रावतभाटा निवासी विष्णु सुमन को गिरफ्तार किया। आरोपियों की निशादेही से 25 लाख रुपए के महंगे कैमरे व अन्य उपकरण बरामद किए। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वह दिन में पैदल घूमकर रैकी करते थे तथा रात को वारदात को अंजाम देते थे।
दुकान में चोरी करने से पहले उन्होंने रैकी की थी। दोनों शातिर आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी कई थानों में मामले दर्ज हैं। आरोपी विकास के खिलाफ शहर के तीन थानों में तथा विष्णु के खिलाफ दो थानों में मामले दर्ज हैं।
Published on:
9 Aug 2021, 9:26 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.