
OMG: तांत्रिक ने कब्र खोदकर दफनाया, लोगों ने देखा तो फैल गई दहशत
अन्ता. बारां जिले के अंता कस्बे में कोटा मार्ग स्थित एक खेत में कब्र की तरह एक ताजा गड्ढा देख लोगों में हड़कंप मच गया। किसी अनहोनी की आशंका पर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में खेत में पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस जाब्ते के साथ खेत पर पहुंची और श्रमिकों को बुलाकर कब्रनुमा गड्ढा खुदवाया तो उसमें तांत्रिक द्वारा किए गए अनुष्ठान की सामग्री मिलने पर सभी ने राहत की सांस ली।
दरअसल बीती रात एचडीएफसी बैंक के पीछे खाली पड़े भूखण्ड में किसी ने यहां काफी बड़ा गड्ढा बनाकर उसमें नारियल एवं घांस से बनाया एक पुतला, चावल, नीबू एवं दो अगरबत्ती के पैकेट दबा दिया। वहीं, ऊपर से झाड़ रखकर गड्ढ़े को ढक दिया। ऐसे मेंं जब सुबह लोग टहलने गए तो गड्ढ़ा देखकर किसी का शव पड़ा होने की आशंका से चौंक गए। यह बात फैलते ही वहां भीड़ लग गई एवं पुलिस को सूचना देकर बुलाया गया। पुलिस ने भी किसी अनहोनी की आशंका से गड्ढे को खुदवाया तो 'खोदा पहाड़ निकली चुहिया' वाली कहावत चरितार्थ हुई। थानाधिकारी रामानंद यादव के अनुसार यह किसी अज्ञात तांत्रिक की करतूत है जिसकी तलाश की जा रही है।
सवाल, क्या कर रहा था तांत्रिक
घटना के बाद दिनभर लोगों के मन में तांत्रिक की करतूत को लेकर कई सवाल उठ रहे थे। ग्रामीणों में चर्चा थी कि आखिर रात को तांत्रिक खेत में कर क्या रहा था। रात को धार्मिक अनुष्ठान करते हुए तांत्रिक को किसी ने देखा तक नहीं। पुलिस ने लोगों की शिकायत पर तांत्रिक की तलाश शुरू कर दी है।
Published on:
09 Jan 2019 08:14 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
