6 मई 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

खौफनाक वारदात: शादी से इनकार किया तो युवती को चाकू से गोदकर मार डाला, फैली सनसनी

कोटा में दिनदहाड़े ट्यूशन जाती युवती की उसके घर से कुछ ही दूरी पर चाकू से गोदकर मार दिया।

2 min read
Google source verification

कोटा

image

kamlesh sharma

Dec 08, 2017

girl murder in kota

murder in kota

कोटा। सगाई के बाद शादी से इनकार करना एक युवक को इतना अखरा कि उसने गुस्से में शुक्रवार को दिनदहाड़े ट्यूशन जाती युवती की उसके घर से कुछ ही दूरी पर चाकू से गोदकर मार दिया। वारदात के बाद भीमगंजमंडी थाना क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने हत्या के कुछ समय बाद ही आरोपित को पकड़ लिया।

रंगपुर रोड स्थित नेहरू नगर निवासी शाहेनूर उर्फ शीनू (18) पुत्री असलम खां कक्षा 12वीं की छात्रा थी। शुक्रवार दोपहर वह अपनी छोटी बहन इशिका के साथ उर्दू विषय की ट्यूशन पढ़ने कोचिंग जा रही थी। घर से कुछ ही दूर स्थित बी-केबिन के सामने गली में पहुंचते ही पीछे से बोरखेड़ा निवासी साबिर हुसैन आ गया। उसने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से भाग गया।

युवती की बहन चिल्लाई और भागकर घरवालों को लेकर आई। परिजन उसे लेकर एमबीएस अस्पताल पहुंचे। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बेटी की मौत से मां शमीम बानो समेत अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। युवती के पिता छबड़ा थर्मल में नौकरी पर गए थे। बेटी की हत्या की सूचना पर वह रात को कोटा पहुंचे। मृतका के मामा फिरोज अहमद की रिपोर्ट पर पुलिस ने साबिर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवा दिया। शनिवार को पोस्टमार्टम होगा।

पुलिस ने दिखाई तत्परता
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अंशुमान भौमिया, एएसपी अनंत कुमार, उप अधीक्षक शिवभगवान गोदारा व थानाधिकारी रामखिलाड़ी मीणा समेत अन्य पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस टीमों ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित साबिर को पकड़ लिया। उससे पूछताछ जारी है।


आंखों में मिर्च झोंकी, खुदकुशी का किया प्रयास
एसपी ने बताया कि आरोपित साबिर वेल्डिंग का काम करता है। उसे पता था कि युवती किस समय पर कोचिंग जाती है। उसने पहले शराब पी और मिर्च पाउडर व चाकू लेकर उसके रास्ते में घात लगाकर बैठ गया। युवती के आते ही उसने आंख में मिर्च झोंकी और चाकू से 7-8 वार किए। इसके बाद खुद के हाथ की नस भी काट ली। उसके पास जहरीला पदार्थ भी था। इसे खाकर वह खुदकुशी करना चाहता था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया।


हरकतें ठीक नहीं थी, पहले भी समझाया था
मृतका की मौसी नजमा व शमा ने बताया कि शाहेनूर की करीब ६ माह पहले साबिर से शादी की बात पक्की हुई थी। बाद में पता चला कि वह नशा करता है, उसकी हरकतें भी अच्छी नहीं हैं। इस पर परिजनों व शाहेनूर ने उससे शादी से इनकार कर दिया, जबकि साबिर शादी करने की बात पर अड़ा हुआ था। वह उसे अक्सर परेशान करता था। उसे समझाया भी था, लेकिन वह नहीं माना।

4 बेटियों में सबसे बड़ी थी
मामा इमरान ने बताया कि असलम खां के 4 बेटियां हैं। इनमें शाहेनूर सबसे बड़ी थी। उससे छोटी तीन बेटियां हैं।