
कोटा . कोटा के विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम को तेज गति से आ रही कार पलटने से उसमें सवार तीन जने गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तलवंडी स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में कार समेत दो अन्य वाहन भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एरोड्रम चौराहे की तरफ से एक कार कॉमर्स कॉलेज चौराहे की तरफ जा रही थी। कार की गति काफी तेज होने से तलवंडी स्थित निजी अस्पताल के सामने फ्लाईओवर के पिलर से कार टकराई। इससे वहां तेज धमाका हुआ। इसके बाद कार तीन पलटी खाकर बीच सड़क पर आ गई। हादसा होते ही वहां मौजूद लोगों ने कार सवार तीनों जनों को बाहर निकाला और उन्हें सामने ही निजी अस्पताल लेकर गए।
इधर, सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची। लोगों ने बताया कि कार की गति तेज होने से उसने पिलर से टकराकर फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग में खड़ी स्कूटी के भी टक्कर मारी। इससे कार और स्कूटी तो पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। साथ ही पार्किंग में खड़ी एक बाइक भी कार की चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसा होते ही मौजूद लोगों ने ही कार को सीधा किया। पुलिस क्षतिग्रस्त कार और स्कूटी को थाने ले कर गई।
ये हुए घायल
विज्ञान नगर थाने के उप निरीक्षक अब्दुल रशीद ने बताया कि हादसे में कार सवार दादाबाड़ी निवासी मोहित (19), प्रताप नगर दादाबाड़ी निवासी मयंक (18) और बजरंग नगर निवासी आदित्य शर्मा (18) घायल हो गए। उनका निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। तीनों की हालत गम्भीर होने से वे बयान देने की स्थिति में नहीं हैं। उनके होश में आने के बाद बयान होने पर ही पता चल सकेगा कि वे कहां से आ रहे थे और कहां जा रहे थे। कार कौन चला रहा था और हादसा कैसे हुआ।