कोटा . महावीर नगर थाना क्षेत्र में रविवार रात एक कोचिंग छात्र ने फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतार एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को सूचना दी है। हालांकि सोमवार दोपहर एक बजे तक मृतक छात्र के परिजनों के कोटा नहीं पहुंचने पर पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
महावीर नगर थानाधिकारी मदन लाल ने बताया कि यूपी के बलिया जिला निवासी छात्र सूर्य प्रकाश (17) कोटा के महावीर नगर इलाके में रहकर कोचिंग कर रहा था।
रात को उसने अपने कमरे में रस्सी का फंदा बनाकर झूल गया। घटना का पता लगते ही मकान मालिक ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव उतारा और अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। शव करीब पांच घंटे तक फंदे पर लटका रहा। मृतक के परिजनों के आने के बाद ही पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।