
कोटा. दादाबाड़ी क्षेत्र के हनुमान बस्ती निवासी डेंगू पीडि़त एक महिला की सोमवार को एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।
मृतक महिला के पति रामस्वरुप वाल्मीकि ने बताया कि पत्नी ज्योति (35) को बुखार आने पर भारत विकास परिषद अस्पताल में भर्ती कराया गया। जांच में उसे डेंगू बताया गया। आठ-दस दिन वह अस्पताल में भर्ती रही। समाजसेवी भंवर सिंह उमट ने बताया कि इस परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होने के कारण दो दिन पहले ही इलाज के लिए मोहल्ले में घर- घर जाकर जनसहयोग से साढ़े छह हजार रुपए एकत्रित किए, लेकिन इलाज के लिए राशि काम आती। उससे पहले उसकी मौत हो गई। महिला ज्योति सरकारी काम्पलेक्स में काम कर परिवार का गुजारा चला रही थी।
पसरा रहा डेंगू, नहीं हो रही फोगिंग
उमट ने बताया कि इस बस्ती में हर घर में कोई न कोई डेंगू व बुखार से पीडि़त है। उनके खुद के घर में परिजन पीडि़त है। नगर निगम को नाले-नालियां व अन्य सफाई, फोगिंग के लिखकर दे चुके है, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। उधर, बसंत विहार निवासी माला खत्री ने बताया कि उनकी कॉलोनी में भी घरों में लोग डेंगू व बुखार से पीडि़त है, लेकिन कोई फोगिंग नहीं कराई जा रही है।
एक दिन में डेंगू के 29 मामले आए
संभाग में मौसमी बीमारियों के प्रकोप का सिलसिला थम नहीं रहा है। सोमवार को डेंगू के 29 मामले सामने आए है। इनमें कोटा के 24, बूंदी के 3, बारां के 2 मरीज पॉजीटिव आए है। वहीं स्वाइन फ्लू के 2 मामले सामने आए है। इनमें कोटा व बारां का एक-एक पॉजीटिव है।
डेंगू से खानपुर के युवक की मौत
कोटा. तलवंडी स्थित एक निजी अस्पताल में डेंगू से झालावाड़ जिले के खानपुर निवासी चेतन स्वरुप (33) की मौत हो गई। उसे 30 सितम्बर को भर्ती कराया गया था।
Published on:
02 Oct 2017 09:13 pm
