हाड़ौती में स्क्रब टायफस, डेंगू व स्वाइन फ्लू कहर बरपा रहा है। लगातार मौतों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को भी स्क्रब टायफस व डेंगू से एक युवक व स्वाइन फ्लू से दो महिलाओं की मौत हो गई है। मृतकों में बूंदी, झालावाड़ व रामगंजमंडी निवासी महिला शामिल हैं। चिकित्सा विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, बूंदी जिले के बरुंधन निवासी युवक को २ सितम्बर को एमबीएस हॉस्पिटल के मेडिकल आईसीयू में भर्ती कराया गया था। उसकी स्क्रब टायफस व डेंगू की जांच कराई गई। जिसमें पॉजीटिव रिपोर्ट आई, लेकिन मंगलवार को शाम 4 बजे उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बारां जिले की एक महिला भी स्क्रब टायफस से पीडि़त मिली है। ये भी एमबीएस में भर्ती है।