
Family members Of Patient Beating in hospital
कोटा के सरकारी चिकित्सालयों का स्टॉफ मरीजों और उनके परिजनों के साथ कैसा बर्ताव करता है इसकी बानगी कोटा मेडिकल कॉलेज के न्यू हॉस्पीटल में मंगलवार रात देखने को मिली। मरीज की ड्रिप खत्म होने पर तीमारदार उसे बदलवाने के लिए हॉस्पिटल स्टॉफ के पास पहुंचे, लेकिन इस ओर ध्यान देने की बजाय स्टॉफ खाने-पीने में ज्यादा व्यस्त रहा। बार-बार कहने पर कंपाउंडर भड़क गया और उसने लोहे की रॉड से तीमारदार का सिर फोड़ दिया।
कोटा के महावीर नगर थाना क्षेत्र स्थित कोटा मेडिकल कॉलेज के न्यू हॉस्पिटल में मंगलवार शाम को मेडिकल वार्ड ए में केनूला लगाने की बात को लेकर मरीज के परिजन व कम्पाउंडर में विवाद हो गया। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कम्पाउण्डर ने तीमारदार के सिर पर लोहे के हैंडल से वार कर दिया। इससे उसके सिर से खून बहने लगा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीमारदार का मेडिकल करवाया।
लोहे के हैंडल से फोड़ा सिर
कोटा पुलिस के मुताबिक बारां जिले के रगसपुरिया निवासी राकेश मीणा की चचेरी बहन अस्पताल के मेडिकल वार्ड ए में भर्ती है। कम्पाउण्डर लोकेश पंकज ने राकेश से केनूला व दवाइयां लाने को कहा। जब वह दवाई व कैनूला लेकर आया तो लगाने की बात कही, लेकिन कम्पाउंडर ने नाश्ता करने में व्यस्त होने की बात कहकर कुछ देर में आने को कहा। राकेश ने उसे बाद में नाश्ता करने को कहा तो इसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। कहासुनी इतनी बढ़ गई कि कम्पाउंडर ने पलंग के पास रखे लोहे के हैंडल से राकेश के सिर पर वार कर दिया। जिससे उसके सिर से खून बह निकला।
हॉस्पिटल ने करवाया राजीनामा
विवाद की सूचना पर पुलिस चौकी प्रभारी हैड कांस्टेबल मिश्रीलाल व महावीर नगर पुलिस मौके पर पहुंची और राकेश के पट्टी बंधवाई व मेडिकल कराया। महावीर नगर सीआई ताराचंद ने बताया कि विवाद होने पर मामला थाने तक आया था, लेकिन बाद में दोनों पक्षों में राजीनामा होने से किसी ने रिपोर्ट नहीं दी है। उधर, अधीक्षक डॉ. देवेन्द्र विजयवर्गीय का कहना कि अस्पताल में झगड़ा हुआ था। दोनों पक्षों से बात कर कार्रवाई करेंगे।
Updated on:
27 Sep 2017, 11:19 AM IST
Published on:
27 Sep 2017, 10:07 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.