
bhamashah grain mandi
कोटा . भामाशाह मंडी में पिछले दिनों एक किसान का धनिये भरा ट्रैक्टर चोरी होने पर एक लाख रुपए भुगतने का पलटवार सिक्यूरिटी ठेकेदार किसानों पर कर रहा है। मंडी सचिव के आदेश का दावा करके चोरी की घटनाएं रोकने के उपाय के रूप में ठेकेदार ने अपने ही स्तर पर रात को 5 घंटे मंडी गेट बंद रखना शुरू कर दिया। नतीजा ये कि सैंकड़ों किसान रात को मंडी के बाहर वाहन खड़े कर बैठे रहते हैं। सचिव का कहना है कि उन्होंने ऐसे कोई आदेश नहीं दिए, किसानों के लिए 24 घंटे गेट खुला रहना चाहिए।
ठेकेदार रात 2 बजे से सुबह 5 बजे तक मंडी का प्रवेश द्वार बंद रख रहा है। मंडी में उपज बेचने आए किसान महावीर सुमन, बद्रीलाल प्रजापति, रामकरण मीना ने बताया कि करीब एक माह से रबी सीजन शुरू हो चुका है। नए गेहूं सहित सरसों, चना, लहसुन, धनिया, मैथी आदि फसलों की आवक हो रही है। मंडी में रोजाना 55-60 हजार बोरी विभिन्न कृषि जिंसों की आवक है। दूर दराज के किसान उपज भरे वाहन रात में ही लेकर आ जाते हैं, मंडी गेट बंद रहने के कारण उन्हें बाहर ही वाहन खड़ा रखना पड़ता है। सुबह मंडी गेट खुलने पर नीलामी स्थल पर उपज के ढेर करने पड़ते हैं। अगर गेट खुला रहे तो वे रात में नीलामी स्थल पर ढेर कर दें।
चोरी से बचने के लिए किया गेट बंद
मंडी गेट बंद होने के बारे में किसानों ने भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश मंत्री मुकुट नागर को शिकायत की। उन्होंने सिक्यूरिटी ठेकेदार से बात की। बकौल नागर, ठेकेदार ने उन्हें बताया कि विगत दिनों रात में मंडी परिसर से किसान का धनिया भरा टै्रक्टर ट्रॉली चोरी हो गया था। टै्रक्टर तो मिल गया, लेकिन धनिये का पता नहीं चल पाया। चोरी हुए धनिये के बदले उसे किसान को एक लाख रुपए देने पड़े थे।
मंडी सचिव के निर्देश हैं
एक पखवाड़े पहले मंडी में चोरी हुई थी, तब मंडी सचिव व पुलिस ने रात में गेट बंद करने के निर्देश दिए थे। रात में सुरक्षा की दृष्टि से गेट बंद कर दिए जाएं। थोड़ी-थोड़ी देर में खोल कर वाहन अंदर ले लिए जाते हंै। अब रबी फसल की आवक भी बढ़ गई है तो रात में गेट बंद नहीं करेंगे।
गौरव कुमार, सिक्योरिटी ठेकेदार
मैंने कोई आदेश नहीं दिए
सीजन में तो दिनरात उपज की आवक होती है। अभी जाम जैसी स्थिति भी नहीं है। मंडी गेट क्यों बंद रखेंगे। अगर सिक्युरिटी ठेकेदार रात में गेट बंद रख रहा है तो गलत है। मंडी में आने वाले वाहनों के लिए 24 घंटे गेट खुला रहे। जाने वाले वाहनों की गेट पर पूरी जांच, पड़ताल के लिए ठेकेदार को पाबंद किया जाएगा, ताकि चोरी चकारी से बचा जा सके।
डॉ. आरपी कुमावत, सचिव, भामाशाह मंडी, कोटा
Published on:
30 Mar 2018 10:31 pm
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
