
धोखधडी का केस दर्ज
वीसी (वॉलेंटरी कलेक्शन) के नाम पर लोगों को अधिक ब्याज व फायदे का झांसा देकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी की जा रही है लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। परिवादी के अधिवक्ता सत्यनारायण मेघवाल ने बताया कि रेलवे कॉलोनी थाना क्षेत्र में वीसी चलाने वाले एक परिवार ने 9 जनों से 90 लाख 15 हजार रुपए नकद और 40 तोला सोने के जेवरात हड़पे, 5 आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज होने के दो माह बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
रंग तालाब नई बस्ती निवासी प्रमोद शर्मा, नई रेलवे लोको कॉलोनी निवासी राजेश शर्मा, कृष्णा विहार रंग तालाब निवासी पवन कुमार शर्मा, रंग तालाब निवासी बिन्टू कुमार वर्मा, महेन्द्र शर्मा, नरेश कुमार शर्मा, उमा देवी शर्मा, सतेन्द्र शर्मा व पायल लश्करी ने अदालत में परिवाद पेश किया था कि उनके पड़ोस में सांवरलाल यादव उर्फ घनश्याम, उसकी पत्नी रूक्मणी उर्फ गुड्डी बाई, पुत्र जितेन्द्र कुमार, पुत्री टिवंकल उर्फ सुमन व पिंकी उर्फ बिल्लू रहते हैं। गुड्डी और सांवरलाल रेलवे गोदाम में वीसी चलाते हैं, इसमें उनकी भी रकम है। आरोपितों ने झालावाड़ में स्वयं की जमीन व कारोबार व फाइनेंस का काम होने का झांसा दिया। मिलीभगत कर अगस्त-सितम्बर 2016 में 9 जनों से 90 लाख से अधिक रकम व 40 तोला सोने के जेवरात हड़प लिए।
अगस्त 2017 में जब वीसी की रकम लौटाने का समय आया तो उन्होंने रकम लौटाने से इनकार कर दिया। जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद से वे सभी फरार हैं। परिवाद को अदालत ने रेलवे कॉलोनी थाने में भेजकर मुकदमा दर्ज कर जांच के आदेश दिए। पुलिस ने सांवरलाल व गुड्डी समेत 5 परिजनों के खिलाफ धोखाधड़ी कर रकम हड़ने और षड्यंत्र में शामिल होने का मुकदमा 12 सितम्बर को दर्ज भी कर लिया लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इनसे हड़पी, इतनी रकम
एफआईआर के अनुसार राजेश शर्मा से 11 लाख 40हजार रुपए व ६ तोला सोने के जेवरात, पवन शर्मा से 15 लाख रुपए, बिन्टू कुमार से 4 लाख 60 हजार रुपए, महेन्द्र शर्मा से 1 लाख, नरेश कुमार से 3 लाख, प्रमोद कुमार से 15 लाख रुपए नकद व 20 तोला सोने के जेवरात, उमा देवी से 18 लाख 15 हजार रुपए, सतेन्द्र शर्मा से 8 लाख रुपए और पायल शर्मा से 4 लाख रुपए नकद व 14 तोला सोने के जेवरात हड़पे हैं।
Read More: यात्रीगण कृपया ध्यान दें: इस खबर को पढ़ने के बाद ट्रेन से सफर करना छाेड़ देंगे आप
नहीं मिल रहे
रेलवे कॉलोनी थाना के उप निरीक्षक व अनुसंधान अधिकारी सुनील कुमार बेरा ने बताया कि परिवार के 5 जनों के खिलाफ 9 जनों से लाखों की धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। आरोपितों को तलाश किया लेकिन अभी तक पता नहीं चल सका है। तलाश जारी है, जल्दी पकड़ लेंगे।
Updated on:
21 Nov 2017, 3:53 PM IST
Published on:
21 Nov 2017, 2:21 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.