
इस बार मैसूर और कुल्लू को भी मात देगा कोटा का दशहरा मेला, होने जा रहा ये काम कि कोटा पर नाज करेगा भारत
कोटा. राजस्थान पत्रिका की पहल पर पॉलीथिन मुक्त बनाने के संकल्प के साथ रविवार को दशहरा मैदान के श्रीराम रंगमंच पर 126वें राष्ट्रीय दशहरा मेले का आगाज हुआ। मेला समिति व नगर निगम ने संकल्प लिया है कि दशहरा मेले को पॉलीथिन मुक्त आयोजित किया जाएगा। संभवत: देश में कोटा का दशहरा मेला पहला राष्ट्रीय स्तर का मेला होगा जहां पॉलीथिन को जड़ से खत्म करने की प्रतिबद्धता दशाई है।
कोटा के दशहरा मेले की राष्ट्रीय स्तर पर विशेष ख्याति है। पत्रिका की पहल पर मेला अधिकारी कीर्ति राठौड़ ने पिछले दिनों पॉलीथिन मुक्त मेला आयोजित करने की मुहिम से जुडऩे की बात कही थी। इसके बाद कारवां जुड़ता गया और रविवार को मेले के भव्य शुभारंभ समारोह में मंच पर शहर के जनप्रतिनिधियों और निगम के अधिकारियों ने ऐलान किया कि मेले में न कोई व्यापारी पॉलीथिन का उपयोग करेगा और न मेले में आने वाले लोग। विधायक संदीप शर्मा ने ध्वजारोहण करने के बाद अपने उद्बोधन में कहा कि राजस्थान पत्रिका ने पॉलीथिन मुक्ति की जो मुहिम शुरू की है, इसके निश्चित रूप से सकारात्मक परिणाम देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम से पहले उप महापौर सुनीता व्यास के साथ महिलाओं ने मेले में दस हजार कपड़े के थैले में निशुल्क बांटने की घोषणा की।
जागरूकता पोस्टर का विमोचन
उद्घाटन समारोह में विधायक मदन दिलावर, संदीप शर्मा, महापौर महेश विजय, मेला समिति अध्यक्ष राममोहन मित्रा, प्रतिपक्ष नेता अनिल सवालका, निगम आयुक्त वासुदेव मालावत, मेलाधिकारी कीर्ति राठौड़, उपायुक्त ममता तिवारी, मेला समिति के सदस्य महेश गौतम लल्ली, नरेन्द्र हाड़ा आदि ने जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
संकल्पित हैं
पत्रिका की मुहिम से प्रेरित होकर निगम ने पॉलीथिन मुक्त मेला आयोजित करने का निर्णय किया है। पॉलीथिन उन्मूलन करने के लिए जनचेतना का यह कारगर कदम साबित होगा। इससे पॉलीथिन के खात्मे के लिए पूरे देश में संदेश जाएगा। हम संकल्पित है कि मेले में पॉलीथिन का किसी भी तरह उपयोग नहीं हो।
राममोहन मित्रा, अध्यक्ष मेला समिति
Updated on:
30 Sep 2019, 2:03 PM IST
Published on:
30 Sep 2019, 2:03 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.