कोटा. लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि व्यापार, उद्योग से लेकर प्रशासन तक में चार्टर्ड एकाउंटेंट्स आज मुख्य नेतृत्वकर्ता की भूमिका में हैं। अर्थव्यवस्था के डॉक्टर के रूप में वे नए भारत के निर्माण में अहम योगदान दे सकते हैं। वे बुधवार को 72वें सीए दिवस के अवसर पर देश-विदेश के चार्टर्ड एकाउंटेंट्स से वर्चुअल माध्यम से संवाद कर रहे थे। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड एकांउंटेंट्स ऑफ इंडिया (आईसीएआई) की ओर से आयोजित कार्यकम में बिरला ने कहा कि देश के कॉर्पोरेट प्रशासन में अनुशासन लाते हुए उसे सुदृढ़ बनाने में सीए ने सराहनीय काम किया है। आज जब कोरोना काल में भारत चुनौतियों को अवसर में बदलने के लिए प्रयासरत है, तब सीए की उपयोगिता और बढ़ जाती है। अपने ज्ञान, योग्यता और अनुभव से सीए नए भारत, सशक्त भारत, समर्थ भारत, आत्मनिर्भर भारत की परिकल्पना को साकार करने तथा देश को नई दिशा देने में उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि सीए आज सिर्फ वित्तीय सलाह देने तक सीमित नहीं हैं। वे नए उद्योगों के लिए प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करने से लेकर बैंकिंग और फ ाइनेंस तक के मामले देख रहे हैं। आज आवश्यकता है कि हम एमएसएमई तथा कृषि सेक्टर को मजबूती दें। ग्रामीण अर्थव्यवस्था को और सशक्त बनाएं। इससे पहले आईसीएआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता ने संस्था के वार्षिक कार्यों की जानकारी दी। वर्चुअल कांफ्रेंस को आईसीएआई के उपाध्यक्ष निहार निरंजन जम्बूसरिया तथा कार्यकारी सचिव राकेश सहगल ने भी संबोधित किया। कोटा में आईसीएआई कोटा ब्रांच की अध्यक्ष रजनी मित्तल भी कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहीं।