
Minor girl murdered after rape at Jhalawar
झालावाड़ जिले के डग कस्बे में दुष्कर्म के बाद नाबालिग पीड़िता की हत्या कर दी गई। बालिका सोमवार शाम से लापता थी। वारदात का पता मंगलवार दोपहर को चला, जब 12 साल की बालिका का शव दोबड़ा मार्ग से बरामद हुआ। वह घर से खेत पर जाने के लिए सोमवार दोपहर करीब 2बजे निकली थी तब से वह घर नहीं लौटी थी।
खेत पर गई, फिर नहीं लौटी
परिजनों ने रिपोर्ट में बताया कि बालिका रोजाना डोबड़ा रोड़ स्थित खेत पर पिता के पास जाया करती थी। सोमवार को भी वह खेत के लिए गई, लेकिन शाम को घर नहीं लौटी। घर पर परिजनों ने सोचा कि वह खेत पर ही पिता के साथ रुक गई होगी। पिता सुबह जब घर पहुंचा तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों ने बालिका को तलाशना शुरू किया। इस दौरान डोबड़ा रोड़ स्थित एक खेत में बालिका का शव मिला। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना किया। परिजनों ने कस्बे के अखिलेश राठौर उर्फ अक्कू पर शक जाहिर करते हुए उसके खिलाफ दुष्कर्म व हत्या का मामला दर्ज कराया है।
दिन में लोगों ने पीटा था आरोपित को
अस्पताल के बाहर मौजूद लोगों ने बताया कि सोमवार को दिन में आरोपित युवक ने एक और लड़की से छेड़छाड़ की थी। इस पर मोहल्लेवासियों ने उसकी पिटाई भी की थी। इसके बाद पुलिस सुरक्षा की दृष्टि से परिजनों को थाने ले आई। जहां देर रात तक बैठे रहे।
नहीं उठाया शव
पुलिस द्वारा शव का डग अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया, परिजनों ने आरोपित की गिरफ्तारी होने के बाद ही शव उठाने को कहा। इस दौरान अस्पताल के बाहर काफी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए लोगों ने आरोपित के परिजनों से भी मारपीट की। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मामले को शांत किया। एसपी झालावाड़ आनंद शर्मा ने आरोपितों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया इसके बावजूद भी परिजनों ने रात तक शव नहीं उठाया। बालिका का शव मिलने के बाद परिजनों रो-रोकर बुरा हाल था। बालिका घर में सबसे छोटी थी। पिता व माता खेती व मजदूरी करते हैं। वारदात से कस्बे में सनसनी फैल गई।
Published on:
29 Nov 2017, 7:44 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.