
कोटा. बिजली के बिल अधिक भेजने व मनमाने तरीके से वीसीआर भरने के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने शनिवार दोपहर को विधायक संदीप शर्मा व कल्पना देवी के नेतृत्व में प्रदर्शन कर विरोध जताया। हजारों की संख्या में कार्यकर्ता दोपहर 12 बजे टीलेश्वर महादेव मंदिर परिसर में एकत्रित हुए और यहां से रैली के रूप में कोटड़ी चौराहा स्थित केईडीएल ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन कर कंपनी की नितियों का विरोध किया। विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि हमारे ही राज में केईडीएल कोटा आई थी, उस समय हमने विरोध किया था, तब कंपनी के अधिकारियों ने कहा था कि जनता पर किसी तरह का कोई लोड नही पडेगा। लेकिन अब फर्जी तरीके से वीसीआर भरी जा रही है।
लोगों के घरों में ज्यादा राशि के बिल भेजे जा रहे है। आमजन परेशान है। बिजली कंपनी करोड़ों रुपयों का हेरफेर कर रही है। उन्होंने कहा कि भले ही कंपनी का बीस साल का कांट्रेक्ट है लेकिन अगर कंपनी ने हेराफेरी बंद नही की तो जनआंदोलन शुरू कर केईडीएल को यहां से भागने पर मजबूर किया जाएगा।
Read More: कोटा एमबीएस में इलाज से पहले कटी ‘मौत की पर्ची’, काउंटर पर खड़े-खड़े चली गई युवक की जान
उन्होनें कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में केईडीएल भगाने के नाम पर जनता से वोट बटोरने वाले कांग्रेस नेता अब कहां दुबक गए। जनता को जवाब दें कि कब तक बिजली कम्पनी को भगाएंगे। उन्होंने कहा कि जब हमारी सरकार थी तब भी हमने इस कम्पनी का विरोध किया था अब तो विपक्ष में हैं, ईंट से ईंट बजा देंगे और केईडीएल को भगाकर ही दम लेंगे।