
कोटा . देश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 56 हजार एमबीबीएस सीटों पर एडमिशन के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेन्स टेस्ट (नीट-2018) रविवार सुबह शुरू हो गई है। परीक्षा के लिए सुबह 7.30 बजे से अभ्यर्थियों का प्रवेश शुरू कर दिया है। लंबी जांच के बाद स्टूडेंट्स को प्रवेश दिया गया। परीक्षा केंद्र के बाहर लंबी कतारें लगी हुई है।
परीक्षा के लिए सीबीएसई के कड़े निर्देशों के बावजूद कुछ परीक्षार्थी अपना पासपोर्ट साइज फोटो लाना भूल गए। ऐसे में केंद्रों पर उनके फोटो हाथों-हाथ खिंचवाए गए। वहीं जो बच्चे इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, फोन, पर्स व अन्य सामान ले आए उनके फोन सुरक्षा गार्ड के पास रखवाया गया है। अधिकांश छात्राएं कानों के झुमके घर पर खोल कर आई हैं। इक्का-दुक्का छात्राओं की नोजपिन व झुमके सेंटर पर खुलवाए गए।
परीक्षा देने आए अधिकांश स्टूडेंट हाफ टी-शर्ट, पायजामा और चप्पल में ही नजर आए। अभ्यर्थियों को चेन, नेकलेस, पेंडेंट, बैज, ब्रूच, घड़ी, कोई भी मैटेलिक आइटम, पेन, पेंसिल, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, पर्स, चश्मा, हैंडबैग, बेल्ट, अंगूठी के साथ प्रवेश नहीं दिया गया। वहीं, परीक्षा केंद्रों पर मोबाइल उपयोग रोकने के लिए जैमर लगाए हैं। साथ ही पुलिस जवान भी तैनात किए हैं।
जानकारी के अनुसार इस परीक्षा में पूरे देशभर से 13 लाख 26 हजार विद्यार्थी शामिल हुए। परीक्षा देश के 136 शहरों में बनाए गए 2255 केंद्रों पर हो रही है। इनमें कोटा से मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रहे एक लाख 35 हजार विद्यार्थी भी भाग ले रहे हैं। कोटा शहर में बनाए गए 20 सेंटर्स पर बच्चे परीक्षा देने पहुंच चुके हैं। कोटा के सेंटर्स पर करीब 11001 बच्चे परीक्षा देने के लिए रजिस्टर्ड हुए हैं। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक ऑफलाइन मोड में होगी।
Published on:
6 May 2018, 7:59 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.