रावण के शाही दहन के लिए देश दुनिया में विख्यात कोटा का दशहरा मेला लोगों की जान बचाने के लिए भी जाना जाता है। लोगों की मदद के लिए इस बार कोई और नहीं खुद 'राम', 'लक्ष्मण', 'सीता', 'मेघनाद', 'रावण' और 'नारद मुनि' तक मैदान में उतर आए। रामायण के पात्रों का किरदार निभा रहे इन कलाकारों ने शाइन इंडिया फाउंडेशन के सदस्यों के साथ मिलकर अंगदान करने का संकल्प लिया। फाउंडेशन के डॉ. कुलवंत गौड़ ने बताया कि रामलीला में राम का अभिनय करने वाले वैभव, लक्ष्मण बने विरंची दाधीच, सीता बनी नेहा पांचाल और रावण का किरदार निभा रहे बृजराज गौतम समेत 22 कलाकारों ने अंगदान का संकल्प-पत्र भरकर संस्था का सौंप दिया है। अब इन्हें नेशनल ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गेनाइजेशन (नोटो) नई दिल्ली को आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।