कोटा. मौसमी बीमारियों का सीजन होने के साथ ही शहर के जिला अस्पतालों में मरीजों की भीड़ शुरू हो गई है। सरकारी अस्पतालों में जांचों की लम्बी व ढीली प्रक्रिया से वाकिफ मरीजों की मजबूरी का फायदा निजी पैथोलोजी लैब संचालक जमकर उठा रहे हैं। निजी लैबों पर मरीजों से जांच के मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं।
जिला प्रशासन के निर्देशों का भी इनपर असर नहीं हो रहा। आमतौर पर बुखार की शिकायत पर चिकित्सक मरीज को ब्लड शुगर, सीवीसी, रेनल प्रोफाइल, लिपिड प्रोफाइल, लिवर प्रोफाइल व यूरिन जांच की लिखते हैं। सरकारी अस्पतालों में जांच की लम्बी प्रक्रिया के चलते मरीज निजी लैब पर पहुंच जाते हैं। लेकिन जानकारी के अभाव में निजी लैब संचालक ऐसे मरीजों से जांचों के मनमाने दाम वसूल लेते हैं।