
भैसरोडगढ़. धांगडमऊ कलां क्षेत्र में रविवार सुबह ब्रह्मणी नदी पर बनी पुलिया पार करते समय पानी के तेज बहाव में एक ट्रैक्टर ट्रॉली बह गई। उसमें चालक सहित तीन जने सवार थे, जिनमें से दो लोग तैरकर बाहर आ गए, लेकिन चालक तैरना नहीं जानता था, जिससे वह डूब गया। हादसे के बाद जमा हुए ग्रामीणों ने इसकी सूचना भैंसरोडगढ़़ पुलिस को दी। जिसने कोटा से एसडीआरएफ टीम बुलाई जो दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। घटना के समय पुलिया पर दो से तीन फीट चादर चल रही थी।
Weather Update: चंबल का सबसे बड़ा गांधी सागर बांध के खुले 3 गेट, राणा प्रताप भी उफना
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत धांगडमऊ कलां में शनिवार रात तेज बारिश हुई। जिससे ब्रह्माणी नदी उफान पर आ गई। रविवार सुबह 7.45 बजे धांगडमऊ खुर्द की तरफ से तरबूज से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली आ रही थी। जिसमें चालक सहित तीन जने सवार थे। पुलिया पार करते समय टै्रक्टर ट्रॉली सहित तीनों जने पानी में बह गए।
चालक जयपुर जिले की झोटवाड़ा तहसील के पचार गांव निवासी रूपाराम (45) पुत्र भोमाराम जाट को तैरना नहीं आता था, जिससे वह पानी में बह गया। वहीं मध्यप्रदेश में सिंगोली तहसील के जरार गांव निवासी देवकरण (18 ) पुत्र मांगीलाल राठौर व सिंगोली तहसील के धनगांव निवासी मुकेश (18 ) पुत्र राधेश्याम राठौर ने तैरकर अपनी जान बचाई। हादसे के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई तथा भैंसरोडगढ़ पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के सहयोग से नदी के दोनों छोर पर ट्रैक्टर चालक को तलाशा, लेकिन नहीं मिला। इस पर पुलिस ने कोटा एसडीआरएफ की टीम को सूचना दी जो दोपहर करीब ढाई बजे मौके पर पहुंची और नदी में चालक की तलाश शुरू की, लेकिन शाम तक सफलता नहीं मिली। अंधेरा होने के कारण दूसरे दिन सोमवार को तलाश की जाएगी।
Read More: पुलिस ने बजरंग दल अध्यक्ष को इतना मारा की चमड़ी ही उधड़ गई, सीआई समेत 5 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
हाट में लेकर जा रहे थे तरबूज
देवकरण राठौर व मुकेश ने बताया कि वे एक फार्म हाउस पर मजदूरी का काम करते हैं। फार्म हाउस से तरबूज टै्रक्टर ट्रॉली में भरकर रावतभाटा हाट में ले जा रहे थे। पुलिया पार करते समय पानी के तेज बहाव में टै्रक्टर ट्रॉली बह गई।
इससे पहले भी हो चुके हैं हादसे
इससे पहले वर्ष 2008 में एक दम्पति पुलिया पार करते समय नदी में पानी के तेज बहाव में बह गए थे। जिससे उनकी मौत हो गई थी।
धांगडमऊ खुर्द में मुनाफे पर लिया था फार्म हाउस
पानी के तेज बहाव में बहे रूपाराम जाट के एक 16 वर्षीय लड़की और 14 साल का लड़का है। वह धांगडमऊ खुर्द स्थित फार्म हाउस पर खेती मुनाफे में लेकर पत्नी के साथ रहता हैं। बच्चे उसके भाई के पास पचार गांव में रहकर पढ़ाई कर रहे हैं। परिजन खेमाराम चौधरी ने बताया कि रुपाराम के परिवार की आर्थिक स्थिति बहुत कमजोर है। इनके चार भाई थे जिसमें से दो भाइयों की कुछ वर्ष पूर्व मौत हो गई है।
ग्रामीण सावधानी बरतें
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उप अधीक्षक रामेश्वर दारिया ने ग्रामीणों से समझाइश की है। पुलिया के ऊपर पानी के तेज बहाव होने की स्थिति में पुलिया पार ना करें। इस मौके पर भैसरोडगढ़ थाना एएसआई राधेश्याम, गिरदावर नाहरसिंह, सरपंच सुरेश लबाना, ग्राम विकास अधिकारी श्रीनाथ गुप्ता, पटवारी सुभाष विश्नोई, गिरदावर, ललित टेलर सहित एनडीआरफ टीम के हैंडकांस्टेबल अशोक शर्मा, रमेशचंद आदि मौजूद थे।