
कोटा। भाजपा-कांग्रेस में टिकट (Rajasthan Election 2018) सूची जारी होने के बाद से दोनों पार्टियों में घमासान मचा हुआ है। कोटा दक्षिण से Rakhi Gautam को टिकट देने के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को दिनभर हंगामा किया और प्रत्याशी बदलने की मांग पर अड़े रहे। पार्टी कार्यालय में तोडफ़ोड़ तक कर दी। कोटा दक्षिण से कांग्रेस के प्रदेश महासचिव पंकज मेहता और प्रदेश सचिव शिवकांत नंदवाना दावेदारी कर रहे थे। शिवकांत के समर्थक कार्यकर्ता सुबह कांग्रेस कार्यालय पहुंचे और यहां तोडफ़ोड़ कर दी।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा, यदि शिवकांत नंदवाना को टिकट नहीं दिया तो वे उन्हें निर्दलीय चुनाव लड़वाएंगे। सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता कांगे्रस की सदस्यता से इस्तीफा देंगे। उधर, पंकज मेहता के समर्थक बल्लभबाड़ी स्थित कार्यालय पहुंचे और टिकट काटने का विरोध किया। समर्थकों ने मेहता से कोटा दक्षिण, कोटा उत्तर और लाडपुरा से निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल करने के लिए दबाव डाला। मेहता ने कहा कि यदि कार्यकर्ता कहेंगे तो कुएं में भी कूद जाएंगे।
इधर... इन्होंने कहा- अन्याय हो तो तोड़ देने चाहिए नियम
चूरू/रतनगढ़। देवस्थान राज्य मंत्री राजकुमार रिणवा ने शुक्रवार को रतनगढ़ में शिवाजी सेवा संस्थान में समर्थकों-कार्यकर्ताओं की बैठक में सलाह-मशवरा किया। इसके बाद खुले मंच से ऐलान किया कि निर्दलीय के रूप में पर्चा दाखिल करेंगे। बैठक में रिणवा ने शेक्सपियर के कथन का उल्लेख करते हुए कहा, अन्याय हो रहा हो तो सारे नियम तोड़ देने चाहिए। अन्याय सहने वाला व्यक्ति अन्याय करने वाले से ज्यादा बड़ा अपराधी होता है। उन्होंने कहा, क्या कारण है कि मेरा टिकट काटा गया? रिणवा शनिवार सुबह नामांकन दाखिल करेंगे। बैठक के दौरान कांग्रेस नेता पूसाराम गोदारा के समर्थक भी थे। मालूम हो, रिणवा ने 2003 में पार्टी में सक्रियता का हवाला देते हुए कांगे्रस से टिकट मांगा था। टिकट नहीं मिला तो रिणवा बगावत कर निर्दलीय उतर गए।
Published on:
17 Nov 2018 11:07 am
