
कोटा . मणप्पुरम् गोल्ड लोन कार्यालय में 27 किलो सोना लूटने की वारदात को अंजाम बिहार की गैंग ने दिया है। यह गैंग पूरे देश भर में गोल्ड लोन कंपनियों के ऑफिसों से गोल्ड लूटने के लिए कुख्यात है। पिछले दिनों जयपुर में भी इसी तरह की कम्पनी के ऑफिस में डकैती डाल भारी मात्रा में सोना लूटा था। बिहार पुलिस की एसटीएफ से मिली जानकारी व वारदात के तरीकों के आधार पर पुलिस यह दावा कर रही है। इसी दिशा में कदम बढ़ाते हुए पुलिस ने एक टीम बिहार के लिए रवाना कर दी है। हालांकि अधिकृत तौर पर अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
शहर पुलिस अधीक्षक अंशुमान भौमिया ने बताया कि पिछले साल जयपुर में और देश के अन्य शहरों में भी सोना लूट की कई वारदातें हो चुकी हैं। इन पर देश भर की पुलिस टीमें काम कर रही हैं। पुलिस को कुछ में सफलता भी मिली है। इस तरह की वारदात को अंजाम देने वाली एक गैंग के कुछ बदमाशों को पुलिस ने पकड़ा है। इन्हें एक दिन पहले ही जयपुर पुलिस लेकर आई है। अब उनसे पूछताछ की जा रही है।
एसपी ने बताया कि पूर्व में हुई वारदातों की तरह ही यहां की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया है। इसी आधार पर पूर्व की वारदातों का रिकॉर्ड व अपराधियों की जानकारी मंगवाई जा रही है। कुछ गैंग ऐसी हैं जो सिर्फ सोना ही लूटती हैं। जिस तरह से यहां की वारदात को किया गया, उससे लुटेरे शातिर व प्रोफेशनल लग रहे हैं। पुलिस टीमें हर एंगल पर अनुसंधान कर रही है। पुलिस के हाथ कुछ अहम् सुराग लगे हैं। जिन पर तकनीकी व स्पेशल टीमें काम कर रही हैं।
यह है बिहार की दो गैंग
1. मुथूट फायनेंस कंपनी, जयपुर
21 जुलाई 2017 को जयपुर में मुथूट फायनेंस कंपनी में बदमाशों ने हथियारों के दम पर 27 किलो सोना लूटकर ले गए थे। वारदात में कमिश्नरेट पुलिस बिहार के वैशाली निवासी विशाल उर्फ विक्की, शुभम, पंकज को पटना से गिरफ्तार किया था।
2. पश्चिम बंगाल में भी लूट
23 दिसम्बर 2017 को मुथूट फायनेंस कंपनी से भी बदमाशों ने सोने के साथ करीब साढ़े चार लाख रुपए लूटे थे। इस वारदात में बिहार बिहार निवासी सुबोध का नाम सामने आया था। पूछताछ में उसने यह वारदात मनीष की गैंग द्वारा करना बताया था। मनीष देशभर में गोल्ड लूटने के लिए कुख्यात है।
Updated on:
24 Jan 2018, 12:17 PM IST
Published on:
24 Jan 2018, 10:09 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.