कोटा. राजकीय कॉलेजों ( Government Colleges ) में देरी से एडमिशन के कारण इस बार करीब तीन हजार विद्यार्थियों की स्कॉलरशिप ( Scholarship ) अटक गई है। विद्यार्थी आए दिन सामाजिक अधिकारिता विभाग ( Social Empowerment Department ) के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हो रही। हर साल सामाजिक अधिकारिता विभाग की ओर से कॉलेज विद्यार्थियों को उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति दी जाती है। यह सामान्य, एससी, एसटी, एसबीसी, ओबीसी, बीपीएल, दिव्यांग, विधवा की संतान को स्कॉलरशिप प्रदान की जाती है। इसके तहत विद्यार्थियों को विभाग के पोर्टल पर समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन करना होता है, लेकिन इस बार कॉलेजों में एडमिशन समय पर नहीं होने से कई विद्यार्थियों को स्कॉलशिप से वंचित होना पड़ा है। जबकि विभाग के निदेशालय स्तर पर इस बार उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति की ऑनलाइन आवेदन समय सीमा 30 सितम्बर तक ही तय की गई थी।