बारां के बॉयज डिग्री कॉलेज में छात्रसंघ चुनावों के दौरान छात्रों की भीड़ कॉलेज तिराहे पर आकर जमा हो जाती है और अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारेबाजी करने लगती है। हर बार यहां इस बात को लेकर बवाल भी होता है, लेकिन बारां पुलिस ने इस बार हालात से निपटने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए। सोमवार को जब छात्रों ने कॉलेज तिराहे पर आकर हुड़दंग मचाने के बाद कॉलेज रोड जाम कर दिया तब पुलिस चेती। जब पुलिस ने हंगामा करते छात्रों को पकड़ना शुरू किया तो बवाल हो गया। पुलिस कार्रवाई के विरोध में छात्रों के साथ शिव सेना के कार्यकर्ता भी कॉलेज रोड पर इकट्ठा हो गए। जिससे माहौल और ज्यादा बिगड़ गया। इस दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस के पास लाठीचार्ज कर उन्हें खदेड़ने के अलावा और कोई रास्ता नहीं बचा।