कोटा . मुकंदरा हिल्स जिस बाघ 'टी-91 का शिद्दत से इंतजार कर रही, वन विभाग पलक-पांवड़े बिछा तैयार है, सप्ताह भर की गुमनामी के बाद उसे शनिवार को कालदां के जंगलों में ट्रेस कर लिया गया है। दो माह पहले रणथम्भौर से निकलने के बाद रामगढ़ अभयारण्य में तफरीह कर रहा यह मनमौजी बाघ नेशनल हाइवे 52 क्रॉस कर कालदां पहुंचा। हालांकि नियमित मानव दखल के चलते सुरक्षा को लेकर संवेदनशील इस जंगल में बाघ के आने से वन अधिकारियों की चिंता बढ़ गई है। बहरहाल, रामगढ़ विषधारी अभयारण्य की आधा दर्जन कार्मिकों की टीम बाघ के साथ नियमित मॉनिटरिंग में लगी है।