आज कोटा संस्करण के उन लाखों पाठकों का आभार व्यक्त करने का दिन है, जिन्होंने हर मोड़ पर परिवार के अभिन्न सदस्य की तरह पत्रिका का साथ दिया। यह आपके आशीर्वाद, शुभकामनाओं और सहयोग का ही प्रतिफल है कि हाड़ौती की इस पावन धरा पर पत्रिका का सफर सतत ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। गौरवशाली अतीत और वैभवशाली विरासत की मजबूत नींव पर खड़े कोटा का सपना सकारात्मक सोच के साथ सही दिशा में आगे बढऩा है। जस माटी ने सबसे ज्यादा डॉक्टर-इंजीनियर दिए, जहां सबसे ज्यादा विद्यार्थियों की जीत की गौरवगाथाएं हैं, वहां भविष्य की तस्वीर भी सुनहरे रंगों से ही गढ़ी जाएगी। ‘शिक्षा की काशी’ में हमें सुनिश्चित करना होगा कि हमसे ऐसे कोई काम न हों, जिन पर आने वाली पीढ़ियां सवाल खड़े करें। जो कर रहे हैं, उसका परिणाम भले अभी नहीं दिख रहा हो लेकिन आने वाले समय में कोटा नई कहानी लिखेगा। हम सबको मिलकर मील के ऐसे पत्थर स्थापित करने होंगे, जो हर उस किशोर और युवा को सही मार्ग दिखाए, जो यहां आकर अपने सपने साकार करने की ख्वाहिश रखता हो।