
ट्रैफिक सिपाही द्वारा कार की रिकॉर्डिंग करते समय कार मालिक ले भागा मोबाइल
कोटा . गुमानपुरा थाना क्षेत्र में नो पार्किग में खड़ी कार का चालान बनाने को लेकर शुक्रवार रात कार मालिक ट्रैफिक सिपाही से उलझ गया। जब सिपाही कार की मोबाइल से रिकॉर्डिंग बनाने लगा तो कार मालिक मोबाइल छीनकर भाग गया। पुलिस ने मामला दर्ज शनिवार को कार मालिक को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया।
यातायात उप अधीक्षक श्योराजमल मीणा ने बताया कि डीसीएम रोड पर एक भोजनालय के सामने शुक्रवार रात एक कार नो पार्र्किंग में खड़ी थी। इसका ट्रैफिक सिपाही देवेन्द्र चालान बनाने लगा तो कार मालिक उससे उलझ गया। उसने चालान कटवाने से मना कर दिया। सिपाही ने जब कार को टोइंग वाहन मंगवाकर उठाने को कहा, तब भी वह नहीं माना और विवाद करने लगा। इस पर सिपाही कार की मोबाइल से रिकॉर्डिंग करने लगा। इस पर कार मालिक मोबाइल छीनकर भाग गया। सिपाही ने उसका पीछा किया, लेकिन वह सवारी वाहन पर पीछे लटककर भाग गया। इस पर सिपाही की ओर से देर रात गुमानपुरा थाने में कार मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया।
कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
गुमानपुरा थाने के हैड कांस्टेबल रविन्द्र सिंह ने बताया कि सिपाही की रिपोर्ट पर कार मालिक बसंत विहार निवासी पंकज पांचाल के खिलाफ राजकार्य में बाधा और मोबाइल छीनने का मामला दर्ज किया था। कार बाजार में काम करने वाला पंकज रात को ढाबे पर खाना खाने आया था और कार सड़क पर खड़ा कर दिया। उसे शनिवार को गिरफ्तार कर मोबाइल बरामद कर लिया। दोपहर बाद अदालत में पेश करने पर १३ अक्टूबर तक जेल भेज दिया।
Published on:
1 Oct 2017, 1:36 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.