
कोटा. नौ बेटे-बेटियों में ओम पांचवें नम्बर के हैं। ओम पढ़ाई में बचपन से ही होशियार था, लेकिन पढ़ाई से ज्यादा उसकी रुचि नेता बनने की थी। तीन साल का था तब कह दिया कि नौकरी नहीं करूंगा…, नेता बनूंगा। नेता बनने का जूनून ऐसा था कि शाम को सारे बच्चे हॉल में बैठ जाते थे और अंत्याक्षरी खेलते तो ओम खड़ा हो जाता और नेता की तरह माइक लेकर भाषण शुरू कर देता था। मैं वाणिज्यिकर विभाग में सहकारी कर्मचारी समिति से जुड़ा हुआ था। समिति के सदस्य घर आते तो मैं सारे बच्चों को अंदर भेज देता था, ओम चाय की केटली और कप लेकर आ जाता और हमारे बीच बैठ जाता था, हम राजनीतिक बातें करते तो वह बहुत गौर से सुनता और बीच-बीच में बोल पड़ता था।
Read More: बड़ी खबर: राजस्थान से सांसद ओम बिरला होंगे नए लोकसभा स्पीकर, मोदी सरकार में मिली बड़ी जि़म्मेदारी, कोटा से दिल्ली तक जश्न
लीडरशिप के गुण बचपन में दिखने लगह्य थे। मैंने उसकी काबिलियत देख कभी उसको रोका नहीं, बल्कि उसका हौसला बढ़ाया। राजेश (राजेश कृष्ण बिरला) को भी राजनीति में रुचि थी और ओम से पहले राजेश राजनीति में सक्रिय हो गया था। राजेश का मल्टीपरपज स्कूल में छात्र संघ अध्यक्ष बनने का नम्बर आया तो उससे ओम को आगे बढ़ा दिया। राजेश हमेशा ओम के राजनीतिक मार्गदर्शक की भूमिका में रहा और राजनीति में खुद पीछे हो गया। ओम की मां शुकुंतला ने हमेशा मनोबल बढ़ाया। ओम के साथी शाम को घर आ जाते थे तो शुकुंतला सबके लिए खीर-पुड़ी बनाती थी। मुझे विश्वास था कि ओम निश्चित रूप से उन्नति करेगा। मैं सोचता था कि ओम एक दिन सीएम बनेगा।
लोकसभा अध्यक्ष बनने की मैंने सोची नहीं थी। आज सुबह सात बजे बहु अमिता (ओम बिरला की पत्नी डा.अमिता बिरला) का फोन आया। खुश खबर देकर आशीर्वाद लिया। मैं सौभाग्यशाली हूं जिसे सातों सुख प्राप्त हैं। ओम कोई भी काम मुझसे आशीर्वाद व उसकी मां के चित्र पर पुष्प चढ़ाकर करता है। स्पीकर पर ओम को देख बहुत खुश हूं। कोटा ओम का गृह जिला है, निश्चित रूप से कोटा की जनता को फायदा होगा। ओम पांच साल कोटा में हवाई सेवा के लिए प्रयासरत रहा है।
तीन का था तब फिल्म देखने की की थी जिद
पिता श्रीकृष्ण बिरला ने बताया कि ओम जब तीन साल का था एक फिल्म देखने की जिद की थी। मैंने उसे मना कर दिया था कि फिल्म नहीं दिखाऊंगा, मैंने फिल्म नहीं दिखाई। कोटा में कोई भी फिल्म लगती थी तो मैं देखने जरूर जाता था।
जीवन परिचय
नाम: ओम बिरला
पिता : श्रीकृष्ण बिरला
जन्म तिथि: 4 दिसम्बर 1962
विवाह : 11 मार्च 1991
शैक्षणिक योग्यता : स्नातकोत्तर (वाणिज्य)
पत्नी : डॉ. अमिता बिरला
परिवार : दो बेटियां आकांक्षा और अंजली
OMG: शादी से एक दिन पहले शिक्षक ने दहेज में मांगे 5 लाख तो दुल्हन ने दहेज लोभी को दिया करारा जवाब
राजनीतिक सफर
वर्तमान दायित्व : 2019 में 17 वीं लोकसभा में कोटा-बूंदी से सांसद
16 वीं लोकसभा 2014 कोटा-बून्दी से सांसद
2003 में पहली बार विधायक बने
2004 को राज्य सरकार के संसदीय सचिव (राज्यमंत्री)।
2008 में फिर विधायक चुने गए
2013 में तीसरी बार विधायक बने।