बूंदी की जैतसागर झील किनारे टाइगर हिल पर स्थित मानधाता छतरी पर आयोजन को लेकर हुए लाठीचार्ज पर पुलिस आईजी और सांसद ओम बिरला में तकरार हो गई। आईजी बंसल बोले, कानून व्यवस्था बिगाडऩे वालों पर कोई रहम नहीं किया जाएगा। उन्हें सबक सिखाना जरूरी है। पलटवार करते हुए सांसद बिरला ने कहा कि समर्थकों पर लाठीचार्ज निंदनीय है, बातचीत से भी मसले का हल किया जा सकता था। इसके जवाब में बंसल ने कहा, समर्थक जिस जगह पर आयोजन करना चाह रहे थे, उस जगह की स्थिति अभी जिला प्रशासन ने स्पष्ट नहीं की है।