अवधेश मल्ल
कुशीनगर. विशुनपुरा रेलवे क्रासिंग हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश भड़क गया है। उन्होंने रेलवे ट्रैक जामकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। ग्रामीण निर्दोष बच्चों की मौत के गुनहगारों के खिलाफ कार्रवाई और मृतक बच्चों के परिजनों को 50 लाख व घायलों के परिजनों को 25 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल के साथ ही अधिकारी मौजूद हैं। उधर, अस्पताल में घायलों का उपचार चल रहा है। बताया जाता है कि मंडोरही गांव के सटे हुए गांव के पास रेल लाइन है, पहले भी यहां तीन घटनाएं हो चुकी हैं। सात साल पहले छोटी लाइन से बड़ी लाइन में इस रेल खंड को तब्दील किया गया था।
दरअसल, गुरुवार सुबह विशुनपुरा थाना क्षेत्र के दुदही बहपुरवा रेलवे क्रॉसिंग पर गोरखपुर जाने वाली 55075 अप सवारी गाड़ी की चपेट में स्कूली बच्चों से भरी गाड़ी आ गई। इस दर्दनाक हादसे में 13 बच्चों के मौत की सूचना है। साथ ही कुछ बच्चों का उपचार चल रहा है। बच्चे डिवाइन स्कूल में पढ़ते थे।