
आधी रात को बीयर लेने पहुंचे पुलिस के ये दो अफसर, ASP ने खटखटाया दरवाजा, और जब मिली बोतल तो...
लखीमपुर खीरी. यह कहना बिल्कुल गलत नहीं होगा कि आबकारी विभाग की संरक्षण के कारण शराब माफिया हर बार सरकारी सिस्टम पर भारी पड़ते हैं। कोई सरकार बंदी हो या दुकान बंद होने के बाद मदिरा प्रेमियों को मन चाहे दामों पर ये शराब कारोबारी शराब उपलब्ध करा देते हैं। इसके पीछे विभाग का पूरा सहयोग है।
आधी रात में एएसपी ने मांगी बोतल तो...
आप को बताते चलें कि पुलिस को कई बार दुकान बंद होने के बाद शराब बिक्री होने की सूचनाएं मिल रही थीं। जिसको लेकर बीती रात एएसपी ने एक स्टिंग ऑपरेशन किया। जिसमें एलआरपी रोड पर स्थित मॉडल शॉप पर आधी रात करीब 1 बजे एएसपी घनश्याम चौरसिया सादी वर्दी में बीयर लेने पहुंचे। वहां पर एएसपी को 110 वाली बीयर की बोतल सेल्समैन ने 200 रुपये में बेची। इसके बाद पुलिस ने दुकान मालिक और सेल्समैन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली। लेकिन अपराधियों को पुलिस अभी तक गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
बचाने में लगा आबकारी विभाग
उधर इतनी बड़ी जालसाजी के बाद भी आबकारी विभाग आरोपी को बचाने में लगी है और आधी रात में एएसपी को 110 वाली बीयर की बोतल 200 रुपये में देने वाले मॉडल शॉप के लाइसेंस के बचाव में आबकारी विभाग उतर आया है। वहीं जिला आबकारी अधिकारी का कहना है कि जिस समय एएसपी दुकान पर पहुंचे थे उस समय दुकान बंद थी। सेल्समैन ने एसपी को बीयर नहीं दी, बल्कि चौकीदार ने बीयर दी थी। वहीं अब सवाल यह उठता है कि क्या चौकीदार ने बीयर बार में यह अवैध स्टाल लगाकर रखा है। तो चौकीदार के पास यह बीयर कहां से आई। फिलहाल आबकारी विभाग इन सवालों के जवाब देने में कतरा रहा है। उसका कहना है कि जांच होने पर ही पूरा मामला सामने आ सकेगा।
चौकीदार ने दी बोतल
वहीं पूरे मामले में जिला आबकारी अधिकारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि लाइसेंस मॉडल शॉप बंद थी। वहां पर चौकीदार ने बीयर की बोतल रात में एएसपी को दी थी। मामले में इंस्पेक्टर से जांच कराई जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर लाइसेंस के विरुद्ध जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। वहीं शहर कोतवाल अशोक कुमार पांडे ने बताया कि दुकान के सेल्समैन को गिरफ्तार कर लिया गया है और पुलिस मॉडल शॉप के मालिक की तलाश कर रही है।जल्दी उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
2 Jul 2018, 11:31 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.