ललितपुर. पति की हत्यारोपी महिला ने जमानत पर जेल से बाहर आने के बाद प्रेमी संग मिलकर देवर की भी हत्या कर दी। पुलिस ने कातिल भाभी को प्रेमी सहित गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस को इनके पास से एक कट्टा मय कारतूस के बरामद हुआ है। पुलिस अधीक्षक कैप्टन एमएम बेग ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जमीनी विवाद में अपने प्रेमी के साथ मिलकर भाभी देवर की हत्या कर फरार हो गई थी, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से असलाह भी बरामद किया गया है। कानूनी कार्रवाई के बाद दोनों को जेल भेज दिया गया है। हत्या के बाद मड़ावरा पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 302 आईपीसी तथा 3(2) 5 एससीएसटी एक्ट में मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू कर दी थी।