ललितपुर. BSP Leader Satish Chandra Mishra Statement about UP Vidhansabha Chunav. बहुजन समाज पार्टी (BSP) की चार चरण में शुरू हुई यात्रा अब तीसरे चरण में बुंदेलखंड में पहुंच गई है। बहुजन समाज पार्टी की तीसरे चरण की यात्रा के दौरान जनपद ललितपुर में बीएसपी के राष्ट्रीय महासचिव सतीश चंद्र मिश्रा (Satish Chandra Mishra) ने आम जन सभा सम्बोधित कर भाजपा और सपा पर जमकर निशाना साधा और बसपा को सवर्णों के साथ ब्राह्मणों की हितेषी पार्टी बताया जबकि भाजपा और सपा को सवर्णों का दुश्मन भी बताया। शनिवार को सतीश चंद्र मिश्रा जनपद ललितपुर पहुंचे जहां पर बहुजन समाज पार्टी द्वारा प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन आयोजित किया गया था। इस आयोजन में पार्टी के जिला अध्यक्ष दीपक अहिरवार के साथ बहु चर्चित नेता पंडित लीलाधर दुबे कुल्लू महराज के साथ बसपा के तमाम छोटे-बड़े नेता मौजूद रहे। इस दौरान सतीश चंद्र मिश्रा ने कांग्रेस के साथ समाजवादी पार्टी और भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा और बहुजन समाज पार्टी को सवर्णों के साथ ब्राह्मणों का हितैषी बताया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी में सिर्फ एक ही जाति की चलती होती है। चुनाव के दौरान समाजवादी पार्टी के नेता भले कुछ भी कहें लेकिन जब उनकी पार्टी सत्ता में आती है और सरकार बनाती है उसके बाद सिर्फ यादव समाज की ही चलती होती है। समाजवादी पार्टी में किसी और समाज या जाति की नहीं चलती यहां पर सिर्फ यादवों की तूती बोलती है।