
ललितपुर. एक व्यापारी पर दबंगों ने उस समय हमला बोल दिया जब वह पत्नी पर किये गए अश्लील कमेंट की पुलिस से शिकायत कर थाने से वापस घर लौट रहा था। दबंगों ने व्यापारी की पत्नी पर उस समय अश्लील कमेंट किया था जब वह मंदिर दर्शन करके लौट रहा था। दबंगों के हमले में जख्मी हुए व्यापारी को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
उलाहना देने पर हुआ विवाद
दरअसल शोहर कोतवाली क्षेत्र के सिविल लाइन इलाके का रहने वाला सौरभ जैन बीते शाम अपनी पत्नी के साथ मंदिर दर्शन कर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ लोगों ने उसकी पत्नी पर अश्लील कमेंट किये। सौरभ अपनी पत्नी को घर पर छोड़कर वापस आया और उन लोगों को उलाहना देने लगा जिन लोगों ने कमेंट किये थे। देखते ही देखते बात बढ़ गयी और सौरभ ने फोन पर पुलिस को सूचना दे दी। डायल 100 की गाड़ी मौके पर पहुंची लेकिन आरोपी मौके का फायदा उठाकर भाग निकले।
पुलिस से शिकायत पर हुई पिटाई
इसके बाद सौरभ अपने साथ हुई घटना की शिकायत लेकर कोतवाली पहुंचा और पुलिस को शिकायती पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ लिखित शिकायत की। कोतवाली से लौटते समय व्यापारी को दबंगो ने लाठियों से पीट-पीटकर मरणासन्न कर दिया। घटना की जानकारी एक बार फिर से पुलिस को दी गई। व्यापारी को गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
पुलिस कर रही आरोपियों की पहचान
व्यापारी सौरभ जैन ने बताया कि दबंग उसके मोहल्ले के ही रहने वाले हैं और उन्होंने लाठियों व पाइपों से उस पर हमला कर जख्मी किया है। घटना से आक्रोशित व्यापारी भारी संख्या में अस्पताल पहुंचे और हमलावरों पर कार्रवाई की मांग की। शहर कोतवाली प्रभारी भरत पांडे ने बताया कि पुलिस मारपीट में संलिप्त लोगों को चिन्हित कर कार्यवाही कर रही है।
Published on:
03 Jan 2018 04:58 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
