
police ne ki pitai
ललितपुर. जहां एक ओर राज्य सरकार पुलिस को नागरिकों के साथ मित्रवत व्यवहार करने के लिए प्रेरित कर रही है और पुलिस के अधिकारी आम नागरिकों में पुलिस की धूमिल छवि को साफ करने में लगे हुए है तो वहीं दूसरी ओर कुछ पुलिस कर्मचारी अपनी काली अवैधानिक करतूतों में लिप्त होकर कानून को बदनाम करने में लगे हुए हैं, जिससे लोगों का गुस्सा पुलिस पर एक बार फिर फूट पड़ा और मोहल्ले के लोगों ने पुलिस वालों को एक बार फिर दौड़ा-दौड़ा कर पीटा।
जनपद में 4 दिनों में पुलिस की पिटाई की यह दूसरी घटना सामने आई है, जिसमें एक बार फिर कानून की रक्षक पुलिस शर्मसार हुई है। पुलिस की कार्यप्रणाली हमेशा संदेह के घेरे में रही है और इसी कारण पुलिस के खिलाफ लोगों में आक्रोश पनप रहा है और कभी-कभी यह आक्रोश सड़कों पर भी दिखाई देता है जिस में पुलिस वालों की पिटाई होती है और कानून को शर्मसार होना पड़ता है।
लोगों को झूठे मामले में फंसवा देता था
ऐसा ही ताजा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र में सामने आया है जहां कुछ पुलिस वाले एक महिला के साथ अवैध संबंधों को बनाए हुए थे और वह पुलिस वाले पिछले कई महीनों से उस महिला के यहां रोज आते जाते थे, जिस पर मोहल्ले वालों ने कई बार आवाज उठाई, मगर पुलिस वालों ने अपने रुतबे के दम पर उनकी आवाज दबा दी और अवैध संबंधों में लिप्त वह महिला भी अपने मोहल्ले वालों पर पुलिस वालों से कह कर कई मामले पंजीकृत करवा चुकी है, जिससे मोहल्ला वालों में काफी रोष व्याप्त था। मोहल्ले वालों का आरोप था कि पास में रहने वाली एक महिला से ब्रह्म प्रकाश यादव नाम के सिपाही का अवैध संबंध है। ब्रह्म प्रकाश यादव अपने साथ और भी पुलिस वालों को लेकर यहां आता और कई घंटे रुकता भी है। इस पुलिस वाले की संबंध शहर के एक शातिर अपराधी बंटी से भी है, जो लोगों को डराने धमकाने का काम करता है और उसे पुलिस का संरक्षण भी प्राप्त है। कई वर्षों से लोग इसका विरोध कर रहे थे, लेकिन जो इस महिला का विरोध करता था उसको झूठे मामले में यह सिपाही फसवा देता था।
युवक की पिटाई के बाद भड़का आक्रोश
रविवार को जब सिपाही फिर महिला के घर में घुसा तो मोहल्ले में रहने वाले राहुल ने इस बात का विरोध किया तो ब्रह्म प्रकाश यादव के साथ पुलिस वाले तथा एक अन्य बंटी नामक व्यक्ति ने मिलकर राहुल की बुरी तरह पिटाई कर दी, जिससे मुहल्ला वालों का धैर्य टूट गया और पुरुष और महिलाओं ने ब्रह्म प्रकाश यादव समेत एक अन्य सिपाही व बंटी पर जमकर पथराव कर दिया। मूल निवासियों ने एक बार फिर खाकी को सड़कों पर दौड़ा-दौड़ा कर पिटाई का नजारा देखते रहे। घटना की सूचना जैसे ही कोतवाली प्रभारी को मिली तो शहर कोतवाल भरत पांडे घटना स्थल पर पहुंचे और किसी प्रकार से मामले में भीड़ को तितर बितर किया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी हिमांशु गौरव भी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया।
पहले भी सिपाही के खिलाफ हुई थी कार्यवाही
ब्रह्म प्रकाश इसके पहले ट्रैफिक पुलिस में था और हाईवे पर आने-जाने वाले वाहनों से अवैध वसूली भी करता था। जिसके कारण उसे ट्रैफिक पुलिस से हटाकर निलंबित कर दिया गया था और उसके बाद जनपद में किसी थाने में उसकी तैनाती कर दी गई थी। मगर उसकी आदत नहीं सुधरी और एक बार फिर उसका नाम चर्चा में आ गया। अब देखना यह है कि इस पुलिस वाले के खिलाफ पुलिस प्रशासन क्या कार्यवाही करता है।
Published on:
22 Oct 2017, 8:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.