
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
ललितपुर. एक परिवार में शादी सगाई समारोह में छाई खुशियों पर उस समय मातम ग्रहण लग गया जब परिवार के करीब 8 लोग अपने परिवार के ही बेटे की सगाई पक्की करने स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहे थे। रास्ते में अचानक सड़क पर एक बच्ची आ गई और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। इस दुर्घटना में तीन परिजनों की मौत हो गई जबकि 5 गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार समीपवर्ती मध्य प्रदेश के जनपद अशोकनगर अंतर्गत थाना चंदेरी के ग्राम सकवारा निवासी बैजनाथ पुत्र मुदिका अपने नाती की शादी करने हेतु सगाई पक्की करने जनपद के थाना जखौरा के स्थानीय कस्बे अपने आठ परिजनों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी से जा रहे थे। अभी वह थाना जखौरा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सिरोंन कला के पास पहुंचे ही थे कि अचानक एक बच्ची खेलती हुई सड़क पर आ गई। जिसे देखकर स्कार्पियो के ड्राइवर के हाथ पांव फूल गए और वह गाड़ी पर से अपना नियंत्रण खो बैठा। इस कारण स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने एक गड्ढे में पलट गई। स्कॉर्पियो गाड़ी पलटते ही चीख पुकार मच गई।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सूचना थाना जखौरा पुलिस को दी और स्कार्पियो में सवार सभी को गाड़ी से बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दुर्घटना में दो चचेरे भाई 65 वर्षीय छत्रसाल पुत्र बालचंद्र एवं 45 वर्षीय दयाराम पुत्र बैजनाथ की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि 60 वर्षीय लखन पुत्र नत्थू जिला चिकित्सालय में इलाज के दौरान मौत हो गई। इनके अलावा गाड़ी में सवार 55 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र गजराज, 45 वर्षीय रामसेवक पुत्र लखन, 8 वर्षीय चांदनी पुत्री मुदिका, 70 वर्षीय बैजनाथ पुत्र लच्छू और 51 वर्षीय गजराज पुत्र दीपचंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है।
डॉक्टर बोले
डॉक्टरों का कहना है कि अभी सभी घायलों की हालत स्थिर बनी हुई है, यदि हालत बिगड़ती है तो इन्हें इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर किया जा सकता है। मृतक और घायल सभी निवासी समीपवर्ती मध्य प्रदेश चंदेरी अंतर्गत ग्राम सकवारा के निवासी बताए गए हैं जो अपने परिवार की एक लड़के की शादी सगाई पक्की करने के लिए जखौरा कस्बा जा रहे थे। परिवार में तीन लोगों की मौत से मातम छा गया है।
Published on:
10 Feb 2021 07:12 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
