ललितपुर. बीजेपी की फायर ब्रांड नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री उमा भारती (Uma Bharti) ने 2022 चुनाव लड़ने पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने चुनाव लड़ने के फैसले को पार्टी पर छोड़कर कहा है कि जैसा पार्टी का आदेश होगा वे वैसा ही करेंगी। इसके साथ ही उमा भारती ने देश में बढ़ती मंहगाई और दिल्ली में बीजेपी की हार पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि महंगाई का जो बढ़ने वाला रेशियो था उसके हिसाब से महंगाई अभी सबसे निचले स्तर पर है। कुछ अंतरराष्ट्रीय ऐसे मसले हैं जिनके कारण कुछ चीजों के दाम बढ़े हैं और इसके लिए देश की जनता मोदी सरकार के साथ है। कुछ पार्टियां इस पर शोर जरूर मचा रहे हैं लेकिन इससे लोगों को कोई तकलीफ नहीं।
कांग्रेस पर बोला हमला
उमा भारती ने कांग्रेस पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में बीजेपी की हार से ज्यादा शर्मनाक हार कांग्रेस के लिए है। अगर किसी के लिए चिंता का विषय है तो वह कांग्रेस के लिए है। कांग्रेस के लिए इससे ज्यादा शर्मनाक बात और कोई नहीं हो सकती कि लगभग 67 सीटों पर उनकी जमानत जप्त हुई है, वह केवल 3 सीटों पर ही अपनी जमानत बचाने में कामयाब हो पाई है। कांग्रेस की ऐसी दशा तब बनी जब कांग्रेस के नेताओं ने सीएए का विरोध करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। दिल्ली में हमारा वोट बैंक बड़ा है और कई राज्यों में हम जीते हैं। इसके साथ ही उन्होंने राम मंदिर के लिए बनाए गए ट्रस्ट पर अपनी सहमति भी जताई।
जैसा निर्देश होगा वैसा काम करूंगी
आगामी चुनाव लड़ने पर उन्होंने कहा कि यह मुद्दा पार्टी का मुद्दा है। जैसा निर्देश होगा वैसा काम करूंगी। इसके साथ ही उन्होंने कांग्रेस के पूर्व सांसद प्रदीप जैन आदित्य और वर्तमान सांसद अनुराग शर्मा की कार्यप्रणाली की तारीफ करते हुए कहा कि दोनों ही सांसद घूमने वाले हैं और मैं शारीरिक शिथिलता के कारण ज्यादा घूम नहीं पाती। मैं इनके कार्यकाल से खुश हूं क्योंकि यह घूमकर जनता की समस्याओं का समाधान करते रहते हैं।
ये भी पढ़ें: एक अप्रैल से बंद हो जाएगी इन वाहनों की बिक्री, सड़कों पर चलेंगी सिर्फ इस तरह की गाड़ियां, आदेश जारी