
किसानों के साथ आई गुजरात सरकार, पेप्सिको ने किया 9 किसानों पर केस
नई दिल्ली। बहुराष्ट्रीय कंपनी पेप्सिको द्वारा गुजरात के आलू उत्पादक 9 किसानों को अदालत में घसीटने के बाद प्रदेश सरकार ने किसानों की मदद करने का फैसला लिया है। कंपनी का आरोप है कि उसके पेटेंट किए हुए आलू की वेरायटी की खेती ये किसान करते हैं। सरकार के इस फैसले से एक दिन पहले कांग्रेस नेता अहमद पटेल ने कहा था कि सरकार इस मसले पर अपनी आखें बंद नहीं रख सकती है। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने रविवार को कहा कि सरकार ने कंपनी द्वारा दर्ज मुकदमे में एक पक्षकार के रूप में शामिल होने का फैसला किया है।
अदालत में किसानों का पक्ष रखेगी गुजरात सरकार
नितिन पटेल ने मीडिया को बताया कि किसानों ने प्रदेश सरकार से इस मसले में हस्तक्षेप करने की मांग की है और सरकार एक पक्षकार के रूप में किसानों की मदद करने के लिए अपना पक्ष अदालत में रखेगी। अहमद पटेल ने शनिवार को कहा कि पेप्सिको की कार्रवाई सरासर गलत है। आरएसएस से संबद्ध भारतीय किसान संघ समेत करीब 192 किसान संगठनों ने सख्त विरोध करते हुए कहा कि कंपनी को किसानों के खिलाफ अपना मुकदमा वापस लेना चाहिए।
कंपनी का कहना है कि उक्त वेरायटी के आलू का कंपनी के पास प्लांट वेरायटी प्रोटेक्शन राइट
पेप्सिको ने उत्तर गुजरात के साबरकांठा और अरावल्ली जिले के नौ किसानों के खिलाफ एफएल-2027 या एफसी-5 वेरायटी के आलू उगाने को लेकर मुकदमा दायर किया है। कंपनी का कहना है कि उक्त वेरायटी के आलू का कंपनी के पास प्लांट वेरायटी प्रोटेक्शन (पीवीपी) राइट है। कंपनी ने चार किसानों के खिलाफ मुकदमे में उनमें से प्रत्येक से एक करोड़ रुपये की हर्जाने की मांग की है जबकि पांच किसानों पर 20 लाख रुपये के हर्जाने का मुकदमा ठोका है।
Business जगत से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर और पाएं बाजार, फाइनेंस, इंडस्ट्री, अर्थव्यवस्था, कॉर्पोरेट, म्युचुअल फंड के हर अपडेट के लिए Download करें Patrika Hindi News App.
Updated on:
29 Apr 2019, 8:34 AM IST
Published on:
29 Apr 2019, 8:34 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.