
मोतीलाल ओसवाल के मुनाफे में हुई 64.4 फीसदी की बढ़ोत्तरी, जानें कंपनी की कितनी हुई आय
नई दिल्ली। मौजूदा समय सभी कंपनियों के चौथी तिमाही के रिजल्ट का चल रहा है। कई कंपनियां अपने चौथी तिमाही के रिजल्ट उजागर कर रही हैं। जहां एक ओर कई बड़ी कंपनियां घाटे के दौर से गुजर रही हैं वहीं कुछ मझौली कंपनियां ऐसी भी हैं जो मुनाफा कमाने में कामयाब हुई हैं। ऐसी ही एक कंपनी हैं मोतीलाल ओसवाल। जिन्होंने अपने मुनाफे और आय दोनों में बढ़ोत्तरी की है। आइए आपको भी बताते हैं कि मोतीलाल ओसवाल का प्रदर्शन कैसा रहा है?
कुछ ऐसा रहा प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2018 की चौथी तिमाही में मोतीलाल ओसवाल का मुनाफा 64.4 फीसदी बढ़कर 147.6 करोड़ रुपए हो गया है। वित्त वर्ष 2017 की चौथी तिमाही में मोतीलाल ओसवाल का मुनाफा 89.8 करोड़ रुपये रहा था। वहीं, वित्त वर्ष 2018 की चौथी तिमाही में मोतीलाल ओसवाल की आय 42.8 फीसदी बढ़कर 752.1 करोड़ रुपए रही है। वित्त वर्ष 2017 की चौथी तिमाही में मोतीलाल ओसवाल की आय 526.5 करोड़ रुपए रही थी।
2019 में और बेहतर होने की उम्मीद
कंपनी के नतीजों पर मोतीलाल ओसवाल के को-फाउंडर रामदेव अग्रवाल ने कहा कि वित्त वर्ष 2018 में हाउसिंग फाइनेंस सब्सिडियरी एस्पायर का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। वित्त वर्ष 2019 की पहली छमाही में भी एस्पायर के कारोबार पर दबाव है, लेकिन दूसरी छमाही से लोन बुक में ग्रोथ देखने को मिल सकती है। रामदेव अग्रवाल के मुताबिक अगर बाजार में गिरावट बढ़ती है तो ब्रोकिंग कारोबार पर असर संभव है, लेकिन एसेट मैनेजमेंट कारोबार को लेकर कोई दिक्कत नहीं है। हालांकि वित्त वर्ष 2019 में ब्रोकिंग कारोबार से अच्छी ग्रोथ की उम्मीद है।
Published on:
22 May 2018, 4:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.